यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से पीड़ित महिला की मौत

नहटौर : मोहल्ला बागवान निवासी बुखार से पीड़ित एक महिला ने दम तोड़ दिया। मोहल्ला बागवान निवासी निर्मला सैनी (39 वर्ष) पत्नी तेजराम सैनी पिछले तीन माह से बुखार से पीड़ित थी। महिला का कनखल (उत्तराखंड) से इलाज चल रहा था। गुरुवार शाम वह दूध गर्म कर रही थी। इस बीच उसकी तबियत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टी होने लगी। इस पर परिजनों के हाथ-पैर फूल गए और उन्होंने आनन-फानन में महिला को एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बिजनौर के लिए रेफर कर दिया। बिजनौर ले जाते समय महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
