विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डायरिया का प्रकोप, युवती मरी

By Edited By:
Published: Thu, 29 May 2014 10:18 PM (IST)

News Article Hero Image

भदोही : अचानक मौसम में आए बदलाव के चलते संक्रामक बीमारियों ने पांव पसार दिया है। विशेषकर डायरिया जैसी घातक बीमारी का प्रकोप बढ़ गया है। जिले के अस्पतालों में इस तरह के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बुधवार को डायरिया पीड़ित एक युवती की मौत के बाद लोगों में दहशत फैल गई है।

जिले में गत रविवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज खुशगवार हो गया था लेकिन एक बार फिर से तेज धूप व उमस ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गर्मी के विभिन्न रोगों से ग्रस्त रोगियों से अस्पताल पटने लगे हैं तो डायरिया के प्रकोप ने लोगों की नींद उड़ा दी है। मोहल्ला कजियाना निवासी एक 18 वर्षीय युवती की बुधवार को डायरिया के चलते हुई मौत से पीड़ितों में दहशत फैल गई है। मोहल्ले में लगभग आधा दर्जन डायरिया से ग्रस्त रोगी विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। इसी तरह अन्य मोहल्लों में डायरिया से ग्रस्त रोगी देखे जा रहे हैं। इसके चलते राजकीय अस्पताल एमबीएस सहित निजी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से ग्रस्त रोगियों की भरमार हो गई है। चिकित्सकों का कहना है कि पल पल बदल रहे मौसम के मिजाज से तालमेल बिठाने के लिए सावधानी की जरूरत है। राजकीय अस्पताल एमबीएस के बाल रोग विशेषज्ञ डा. मनीष श्रीवास्तव का कहना है कि इस मौसम में बरती गई मामूली लापरवाही भी घातक साबित हो सकती है।

यह बेहद जरूरी

-बासी खाद्य सामग्री के सेवन से करें परहेज।

-खुले खाद्य पदार्थ और फलों से रखें दूरी।

-दूषित पानी कदापि न लाएं प्रयोग में।

-पानी उबालकर ही पीएं।

-बाजार के खाद्य पदार्थ से परहेज करें।

-डायरिया के लक्षण दिखते ही ओआरएस का उपयोग शुरू कर दें।

-न सुधरे हालत तो तुरंत ले चिकित्सकीय परामर्श।

-छाछ, मंट्टा इत्यादि का नमक डालकर सेवन करना चाहिए।