यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नहीं थम रहा मौत का सिलसिला, तेज बुखार का कहर जारी

जागरण संवाददाता, बस्ती : गौर ब्लाक क्षेत्र में तेज बुखार से मौत का सिलसिला जारी है। लगातार दूसरे दिन ब्लाक क्षेत्र के बौरिहार गांव में 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। ग्रामीण मौत का कारण मस्तिष्क ज्वर बता रहे हैं।
रामजीत यादव की पुत्री रूपा यादव की तबीयत पांच दिन पूर्व अचानक बिगड़ गई, पहले तो परिजनों ने इसे सामान्य बुखार समझ इसका इलाज प्राइवेट चिकित्सालय में कराया, जब इसकी स्थिति बिगड़ने लगी तो जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई।
पिता के अनुसार किशोरी को मस्तिष्क ज्वर हो गया था। रविवार को गौर ब्लाक गड़हा दलखंभन गांव में 14 वर्षीय अनुज की तेज बुखार से मौत हो गई थी। इसके पहले ब्लाक क्षेत्र के टिनच बाबू गांव में भी तेज बुखार से लगभग 15 दिन पूर्व एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. बसंत कौशल ने कहा अभी इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं है,जिन गांवों में बीमारी की सूचनाएं आ रही हैं, वहां टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।
