यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्वास्थ्य टीम ने झोंकी ताकत, नियंत्रित हुई डायरिया

जागरण संवाददाता, बस्ती : लालगंज कस्बे में 12 जून की रात से फैले डायरिया पर स्वास्थ्य टीम ने नियंत्रण पा लिया है। गांव में चिकित्सकों का दल कैंप कर रहा है तो क्षेत्रीय उप मुख्य चिकित्साधिकारी सदर डा. सीएल कन्नौजिया व संक्रामक रोग नियंत्रण के प्रभारी डा. राकेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में टीमें निरोधात्मक कार्रवाई में जुटी हैं। साधारण हैंडपम्पो को विसंक्रमित कर पीने के उपयोग न करने की ग्रामीणों को चिकित्सकों ने हिदायत दी है।
बता दें कि कुदरहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अन्तर्गत लालगंज कस्बा में 12 जून की रात डायरिया का प्रकोप बढ़ गया। इस दौरान एक की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग डायरिया व उल्टी दस्त से पीड़ित हो गए। इसकी सूचना जैसे ही संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष को मिली मौके पर टीम पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई, मगर डायरिया काबू में नहीं आ रहा था। इसके बाद सीएमओ डा. जेपी सिंह के निर्देश पर चिकित्सकों की पूरी टीम ने यहां कैम्प शुरू कर दिया और 24 घंटे पूर्व डायरिया पर नियंत्रण पा लिया गया।
यहां चिकित्सक डा. आफताब रजा, डा. राम प्रकाश, महिला चिकित्सा अधिकारी डा. फरहत सिद्दीकी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी संजय वर्मा, सुशील चंद्र श्रीवास्तव, परमात्मा प्रसाद व अन्य कई स्वास्थ्य कर्मियों ने वहां कैम्प लगा दिया। इसके बाद टीम ने प्रभावित क्षेत्र के 102 साधारण हैंड पंपो को विसंक्रमित किया ही। ग्रामीणों को ओआरएस घोल के पैकेट, व क्लोरीन की गोलियां वितरित की गई। ग्रामीणों को चिकित्सकों ने साधारण हैंडपंपों का पानी न पीने की सख्त हिदायत दी है। पेयजल को क्लोरीन की गोलियों से विसंक्रमित कर सेवन करने की सलाह दी है। स्थितियो पर नियंत्रण होने के बाद चिकित्सीय टीम मौके पर कैम्प करते हुए स्थिति पर निगाह जमाए हुए है। पंचायती राज विभाग ने गांव की सफाई करवा कर कीटनाशक का छिड़काव करवाया है।
सीएमओ डा. सिंह ने कहा कि वहां की स्थिति नियंत्रित है। स्थिति पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले 24 घंटे में वहां कोई मरीज नहीं मिला है।
