यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जनता एक्सप्रेस में डेढ़ लाख की चोरी
जागरण संवाददाता, बरेली: ट्रेनों में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। घटनाओं पर नकेल कसने म

जागरण संवाददाता, बरेली: ट्रेनों में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। घटनाओं पर नकेल कसने में रेलवे पुलिस पस्त नजर आ रही है। मंगलवार को चोरों ने जनता एक्सप्रेस से सेवानिवृत्त शिक्षक का बैग चोरी कर लिया। शिक्षक का परिवार साले की शादी में शामिल होने देहरादून जा रहा था। घटना की जानकारी शिक्षक ने बरेली स्टेशन पर जीआरपी को दी।
लखनऊ के गोमती नगर निवासी अशोक अपनी पत्नी ममता के साथ सोमवार रात लखनऊ जंक्शन से वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस में सवार हुए। वे ट्रेन के स्लीपर कोच की बर्थ 41 और 42 पर सफर कर रहे थे। सफर के दौरान वह सो गए। इसी दौरान उनकी बर्थ पर रखा बैग चोरी हो गया। इसमें एक लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी, 50 हजार रुपये नकद और जरूरी सामान था। बरेली जंक्शन पर उनकी आंख खुली तो देखा बर्थ से बैग गायब था। उन्होंने बैग की काफी तलाश की। मगर वह नहीं मिला। इस पर पुलिस को जानकारी दी। वह बोले, हरदोई-शाहजहांपुर के बीच बैग चोरी हुआ है। सेवानिवृत्त शिक्षक ने बताया, एक दिसंबर को उनके साले की शादी है। वह परिवार के साथ उसकी शादी में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर शाहजहांपुर-हरदोई जीआरपी थानों को भी जानकारी दी है।
