विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जंक्शन पर आरपीएफ से भिड़ा बीएसएफ का जवान

By Edited By:
Published: Mon, 01 Sep 2014 01:00 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बरेली : बरेली जंक्शन पर बीएसएफ का जवान आरपीएफ से भिड़ गया। चेन पुलिंग करने पर पैदा हुआ विवाद उस समय और गरमा गया, जब जवान ने अपनी पहचान ही छुपाने की कोशिश की। सारी सच्चाई उसकी पत्‍‌नी से पूछताछ के दौरान खुल गई। आरपीएफ ने जवान पर चेन पुलिंग करने के जुर्म में जुर्माना लगाया और माफीनामा भी लिखवाया।

पिथौरागढ़ का रहने वाला करम चंद बीएसएफ 122 बटालियन छत्तीसगढ़ में तैनात है। रविवार को 3152 सियालदाह एक्सप्रेस से वह बरेली पहुंचा। उसके साथ पत्‍‌नी और तीन बच्चे थे। जल्दबाजी में वह ट्रेन से अपना सामान नहीं उतार सका। उसका सामान कोच में ही रह गया। ट्रेन रोकने के लिए उसने बरेली जंक्शन के प्लेटफॉर्म एक पर ट्रेन के एस-10 कोच की चेन पुलिंग की तो आरपीएफ के जवान ने उसको रोका, लेकिन वह उस पर ही हावी हो गया। कहा कि वह सीआइएसएफ का जवान है। नाम पूछने पर उसने अपना असली नाम नहीं बताया। चेन पुलिंग को लेकर आरपीएफ के जवान और उसमें नोकझोंक हुई। उसी दौरान आरपीएफ थाना प्रभारी एसएस गंगवार मौके पर पहुंचे, तब तक जवान की पत्‍‌नी भी वहां पर पहुंच गई। जब पत्‍‌नी से पूछा तो उसने दूसरा नाम बताया। नाम गलत बताने पर थाना प्रभारी और जवान में नोकझोंक हुई। बाद में रेलवे के टीटीई को कार्रवाई के लिए कहा गया, लेकिन उसने कार्रवाई करने से ही इन्कार कर दिया। बाद में आरपीएफ ने सेना के मूवमेंट कंट्रोल ऑफिस को सूचित किया। कार्रवाई होती देख जवान ने सारी सच्चाई उगल दी और कहा कि उसका सामान गाड़ी में रह गया है और उसी के चलते उसने ट्रेन रोकने की कोशिश की। बाद में उसका सामान हरदोई में उतरवाया गया। आरपीएफ ने चेन पुलिंग करने पर जुर्माना लगा कर जवान से माफीनामा लिखवाया, तब जाकर उसे छोड़ा।