विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फूड पार्क को जल्द हस्तांतरित होगी जमीन

By Edited By:
Published: Sun, 22 Jun 2014 12:12 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बरेली: उद्योग के नजरिये से सबसे बड़ा प्रोजेक्ट मेगा फूड पार्क जल्द कागजों से निकलकर जमीन पर आएगा। उसके लिए डीएम ने कैंप कार्यालय पर उद्यमियों के साथ बैठक की। बताया कि बहेड़ी के मुड़िया मुकर्रमपुर की सीलिंग जमीन यूपीएसआइडीसी को जल्द हस्तांतरित हो जाएगी। उसके लिए शासन को प्रस्ताव दोबारा भेज दिया गया है।

बैठक में उद्यमियों से फूड पार्क के खाके और उसमें योगदान को लेकर चर्चा हुई। रामा श्यामा पेपर मिल के दिनेश गोयल ने इस प्रोजेक्ट पर अब तक हो चुकी कार्रवाई से अवगत कराया। मारिया फ्रोजन के एमडी हाजी शकील कुरैशी ने कहा कि फूड पार्क के लिए बाहर के उद्यमियों से भी बात हुई है। वे आने के लिए तैयार भी हैं। फोरलेन सड़कों का काम जल्द पूरा हो जाए तो प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ेगा। बीएल एग्रो के स्वामी घनश्याम खंडेलवाल ने कहा कि मेगा फूड पार्क बसाने में पूरा योगदान देंगे। उद्यमियों ने बिजली, सुरक्षा के साथ वैट में छूट का मुद्दा भी उठाया, जिस पर डीएम ने शासन स्तर पर वार्ता करने का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक उद्योग वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मेगा फूड पार्क के लिए बहेड़ी में 250 एकड़ जमीन अच्छी लोकेशन पर है। मुख्य सड़क से लगभग पाच किमी. अंदर है। डीएम ने आश्वस्त किया कि कनेक्टिंग रोड बनाकर उसे मुख्य सड़क से जोड़ दिया जाएगा।

उद्योग बंधु की बैठक 26 को

बरेली: जिला उद्योग बन्धु की बैठक 26 जून को दोपहर 12 बजे डीएम संजय कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में होगी। महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एजेंडा जारी किया जा रहा है।