यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पत्नी को कमरे में बंद कर कराया दुष्कर्म

जागरण संवाददाता, बरेली: जिस प्रेमी का जिंदगी भर के लिए दामन थामा वह तो दरिंदा निकला। बहनोई के कहने पर युवक ने पत्नी को कमरे में बंद करके दूसरों के हवाले कर दिया। सिर्फ इस लाल में कि उसे रेलवे में नौकरी मिल जाएगी। जैसे तैसे पीड़िता ससुराल से भागकर घर आई। पुलिस को पूरी कहानी बताई। बारादरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
संजय नगर की रहने वाली लड़की ने बताया कि उसके घर के पास एक टावर पर काम करने वाले गैनी कस्बे के प्रमोद उर्फ बब्लू से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। डेढ़ साल पहले लड़की बब्लू के साथ भागकर गैनी चली गई और दोनों पति पत्नी की तरह रहने लगे। पीड़िता ने बताया चूंकि वह घर से कोई जेवर व दहेज लेकर नहीं आई थी लिहाजा सास कैकेई व जेठ चम्मन लाल व नेत्रपाल उसका उत्पीड़न करते रहे।
पीड़िता ने बताया कि पति बब्लू ने अपने बहनोई अमर सिंह ने सास कैकेई से कहा कि उसकी रेलवे के दो अधिकारियों से जान पहचान है। दोनों आशिक मिजाज हैं अगर बब्लू की पत्नी को रेलवे के अधिकारियों के सामने पेश कर दिया जाए तब वह बब्लू की रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। इस बात पर बब्लू समेत पूरा परिवार राजी हो गया।
पीड़िता उस समय भौचक्की रह गई जब पति बब्लू ने यह बात उसको बताई तथा अधिकारियों को खुश करने के लिए कहा। पीड़िता ने बताया कि 2 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे जब वह अपने कमरे में थी तब बब्लू व अमर सिंह उसके पास आए और कहा कि दोनों अधिकारियों को हम ले आए हैं। पीड़िता ने मना किया तब परिवार वालों ने मारपीट कर उसे मुंबई ले जाकर बेचने की धमकी दे डाली। इसके बाद परिवार के लोगों ने लड़की को कमरे में बंद कर दिया। पूरी रात दोनों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। सुबह बब्लू ने कहा कि जब तक नौकरी नहीं लग जाती तब तक ये अधिकारी आते रहेंगे।
इसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से बचकर अपने घर आई। यहां परिजनों को पूरी बात बताई। जिसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर बारादरी थाने गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया है। इंस्पेक्टर बारादरी एसकेएस प्रताप ने बताया कि चूंकि पूरी घटना गैनी कस्बे की है। लिहाजा मुकदमे को अलीगंज थाने ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
