यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 29, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संभावित डेंगू ने ली तीन और जानें
जागरण संवाददाता, बरेली : डेंगू लगातार जान ले रहा है। मंगलवार को तीन और लोगों की मौत हो गई। इनमें डें

जागरण संवाददाता, बरेली : डेंगू लगातार जान ले रहा है। मंगलवार को तीन और लोगों की मौत हो गई। इनमें डेंगू के लक्षण मिले थे। निजी अस्पतालों में इलाज के दौरान इन लोगों ने दम तोड़ा दिया। स्वास्थ्य विभाग इनकी मौत डेंगू से नहीं मान रहा है। 41 लोगों में डेंगू की पुष्टि जरूर अफसर कर रहे हैं।
शहर के बिहारीपुर निवासी ओमकार (42) को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। सरकारी अस्पताल में दवाओं से लाभ नहीं हुआ तो परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया। चिकित्सकों ने ओमकार में डेंगू के लक्षण पाए थे। सोमवार की रात अधिक तबीयत खराब होने पर उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह मोहनपुर गांव निवासी गिरीश जायसवाल (35) को चार दिन पहले बुखार आया था। स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया। हालत में सुधार न होने के कारण परिजनों ने उन्हें निजी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। प्लेटलेट्स गिर रही थी। डॉक्टरों ने डेंगू के नमूने लिए थे लेकिन मंगलवार को उनकी जान चली गई। इसी तरह बिथरी के एक अन्य व्यक्ति की भी संभावित डेंगू से मौत हो गई। उन्हें भी कई दिनों से बुखार आ रहा था। उसी क्षेत्र के एक पुलिस कर्मी में भी डेंगू जैसे लक्षण मिले थे। वह इलाज के लिए लखनऊ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 104 लोगों के नमूने लिए थे। इसमें 41 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इनका इलाज विभिन्न अस्पताल में चल रहा था।
