विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बुखार से पांच की मौत, सैकड़ों पीड़ित

By Edited By:
Published: Tue, 22 Sep 2015 02:12 AM (IST)

शहर में दो और देहात में तीन मरीजों ने दम तोड़ा - स्वास्थ्य महकमा के पास पैरासिटामोल के अलावा इंतजा

News Article Hero Image

शहर में दो और देहात में तीन मरीजों ने दम तोड़ा

- स्वास्थ्य महकमा के पास पैरासिटामोल के अलावा इंतजाम नहीं

- जिला अस्पताल में पहुंचे सौ से अधिक बुखार के मरीज, कई भर्ती

जागरण संवाददाता, बरेली : बुखार लगातार जिंदगियां लील रहा है और स्वास्थ्य महकमा मौन साधे बैठा है। रविवार और सोमवार को पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें दो शहर के थे, जिन्हें तेज बुखार आ रहा था। दोनों में डेंगू जैसे लक्षण मिले थे। देहात क्षेत्र में भी तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। उधर, जिला अस्पताल में सोमवार को 1500 से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें बुखार से पीड़ितों की संख्या सौ से अधिक थी। दो दर्जन से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया। बच्चा वार्ड पूरी तरह फुल हो गया। दूसरे वार्डो में भी मरीजों को शिफ्ट किया जा रहा है।

शहर के शहामतगंज निवासी अकरम खान (45) ऑटो चलाते हैं। एक सप्ताह पहले बुखार आया तो वह जिला अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने दवा दी दो दिन खाई लेकिन बुखार नहीं उतरा। परिजनों ने उन्हें पीलीभीत बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। रविवार को डॉक्टरों ने उनमें डेंगू जैसे लक्षण पाए थे। प्लेटलेट्स लगातार कम होती जा रही थी। रविवार की देर रात उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि डेंगू के कारण अकरम की मौत हुई है। इसी तरह सुभाषनगर निवासी ओमप्रकाश सक्सेना (67) को भी पांच दिन से बुखार आ रहा था। उनका निजी नर्सिग होम में इलाज चल रहा था। सोमवार को दिन में डॉक्टरों ने उनमें डेंगू के लक्षण पाए थे। नमूना जांच को लिया था कि थोड़ी देर में ही वह बेहोश हो गए और उनकी मौत हो गई। लगातार मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है। बुखार रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के पास पैरासिटामोल है। इसके अलावा पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। हालांकि अफसर गांव-गांव जाकर मरीजों को देखने की बात कह रहे हैं।