यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलाव न जलने से ठंड पड़ रही भारी, पांच की मौत

जागरण कार्यालय, बाराबंकी : ठंड का कहर जारी है। ठंड के चलते शुक्रवार को पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि दिन भर धूप निकलने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी है।
आज का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता भी 97 फीसदी दर्ज की गई।
पांच लोगों की मौत : कस्बा रसौली के मुहल्ला पूर्वी में तिरपाल तानकर रह रहे पैसठ वर्षीय छंगालाल विश्वकर्मा की ठंड के चलते आज मौत हो गई। इसका मकान कुछ दिन पूर्व ढह गया था। शहर क्षेत्र में रह रहे पुलिस लाइन निवासी राजकिशोर 21 की ठंड लगने के चलते मौत हो गई। परिजनों के अनुसार राजकिशोर मूल निवास पाठकपुरवा परसपुर गोंडा गया था। वहां से गुरुवार को वापस आया तभी उल्टी होने पर जिला चिकित्सालय में दिखाया गया। लौटते वक्त उसकी मौत हो गई। सिद्धौर संवादसूत्र के अनुसार नगर पंचायत सिद्धौर के वार्ड सिद्धेश्वर निवासी हरि प्रसाद की 47 वर्षीय पत्नी लीलावती की मौत हो गई। गुरुवार की रात कपकपाहट के चलते तेज बुखार के बाद मौत हो गई। मृतका का परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहा है। कृषि योग्य भूमि नहीं है। नगर पंचायत की ओर से अभी तक अलाव नहीं जलाए गए हैं। न हीं कंबल का वितरण हो सका है। टिकैतनगर संवादसूत्र के अनुसार ग्राम बधौली के दिनेश पुत्र महादेव की मौत हो गई। पूरेडलई के ग्राम सभा हसौर में देर रात 49 वर्षीय व्यक्ति ननकू लोध की मौत हो गई। ननकू को पेट दर्द के बाद चिकित्सक को दिखाया गया था।
नहीं जले अलाव : तहसील प्रशासन की ओर से अभी तक अलाव नहीं जलवाए जा सके है। न ही कंबल का वितरण पर्याप्त मात्रा में किया जा सका है। निर्बल वर्ग के लोग ठिठुरने को विवश है। पूरेडलई संवादसूत्र के अनुसार तहसील प्रशासन में सार्वजनिक स्थानों व चौपालों पर इस वर्ष ठंड में अलाव का इंतजाम नहीं किया जा सका है। हैदरगढ़, फतेहपुर क्षेत्र सहित कई जगहों पर अलाव न जलवाए जाने से निर्बल वर्ग के लोग बेहाल हैं।
मदद को बढ़े हाथ : इंदिरा पुनिया ने विकास खंड रामनगर के ग्राम दिवली में पवन वर्मा प्रधान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 150 लोगों को कंबल का वितरण किया गया। कटियारा, दिवली, चांदामऊ, सआदतगंज ग्राम में भी कंबल का वितरण किया गया। इस मौके पर आंनद प्रकाश गौतम, रामकरन सिंह, हरीश्चंद, वंशराज मौजूद रहे। सदर विधायक धर्मराज यादव की ओर से कंबल का वितरण किया गया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
