यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रक्शा में चिकन पाक्स का प्रकोप, बच्ची की मौत

फतेहगंज, संवाद सूत्र : कस्बे के रक्सा गांव में चिकन पाक्स का प्रकोप है। गांव के जहां ढ़ाई दर्जन से ज्यादा लोग पीड़ित हैं वहीं पीड़ित एक बच्ची काल का निवाला भी बन गई है। ग्रामीणों के सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य टीम राहत के लिए गांव नही पहुंची है। ग्रामीण बीमारी को दैवीय मानकर अपने स्तर राहत की प्रक्रिया अपना रहे हैं।
कस्बे के रक्शा गांव में चिकन पाक्स तकरीबन चार दिन से फैला है। चपेट में आई एक वर्षीय बच्ची साधू पुत्री रामस्वरूप की बुधवार शाम मौत हो गई। इसके अलावा अभी भी बिपिन (6) पुत्र सुरेश, दीलिप (10) पुत्र रामस्वरूप, सुमिति (6) पुत्री योगेश, राधा (9) पुत्री हप्पू, एक वर्षीय गणेश पुत्र राम बहोरी, लल्लू (2) पुत्र हरिश्चंद्र, सीमा (5) पुत्री लालाराम, चुनूबादी (3) पुत्री बाबूराम, मुन्नी (9) पुत्री राजेश, कल्ली (6) पुत्री मोहन, अंकित (9) पुत्र केशव समेत तकरीबन ढ़ाई दर्जन से ज्यादा लोगों का पीड़ित होना बताया गया है। इसके अलावा ग्रामीणों का कहना है कि फतेहगंज अस्पताल में दो दिन पहले सूचना दी गई थी। अभी तक वहां से कोई स्वास्थ्य टीम राहत कार्य के लिए गांव नही पहुंची है। गांव के लोग बीमारी को दैवीय मानकर पूजन उतारा कर रहे हैं।
