यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से महिला की मौत, कई और मरीज भर्ती

बांदा, जागरण संवाददाता : डायरिया का प्रकोप सिर चढ़कर बोल रहा है। डायरिया पीड़ित महिला जहां काल का निवाला बन गई वहीं दो दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में और भर्ती कराया गया है।
गर्मी का तापमान बढ़ने के साथ डायरिया अपने पैर फैला रहा है। इसी क्रम में देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जमालपुर निवासी राजकुमारी (70) पत्नी परमेश्वरी दयाल तीन दिन से डायरिया से पीड़ित थी। गुरूवार को परिजन गंभीर हालत होने से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे वहां उपचार शुरू होते ही उसकी मौत हो गई। इसके अलावा डायरिया पीड़ित एक वर्षीय शिखा पुत्री विजय निवासी ग्राम पवइथा छतरपुर, अशोक (7) मुहल्ला क्योटरा, आरजू (7) माह मनीपुर, इंदर एक वर्ष ग्राम अकौना, रोहन (2) राजीव नगर, सर्वेश (8) माह ग्राम परसौड़ा, दिव्यांशी (11) तुलसीनगर , उमरिया (45) लामा, लक्ष्मी (3) ग्राम नारायनपुर, अनुज (14) परमपुरवा व गणेशी (40) निवासी झील का पुरवा आदि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा दर्जनों लोगों को उपचार के बाद सरकारी व निजी अस्पतालों में घर जाने की छुटटी दी गई है।
----------------
'डायरिया के प्रभाव में आने पर शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके अलावा गर्मी से बचाव करें। डायरिया से पीड़ित होने पर उपचार शुरू होने तक नमक चीनी का घोल ज्यादा से ज्यादा पियें।'
- डा. विनीत सचान जिला अस्पताल
हाथ से पंखा कर रहे मरीज
बांदा : जिला अस्पताल में पंखे आग उगल रहे हैं। कूलरों में पानी न होने से गरम हवा आती है। इससे कई मरीज हाथ से पंखा करके काम चलाते हैं। इससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। तीमारदारों का कहना है कि लगाये गये कूलरों में पानी भरने की व्यवस्था की जाये। इससे गर्मी से राहत मिल सके।
