यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार ने ली कक्षा तीन के छात्र की जान

बांदा, जागरण संवाददाता : बुखार पीड़ित छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम हस्तम निवासी दीपक (9) पुत्र शिव दुलारी गांव के प्राथमिक स्कूल में तीसरी दर्जा का छात्र था। मंगलवार को वह बुखार से पीड़ित हो गया था। इससे परिजनों ने वहीं के एक निजी क्लीनिक में उसका उपचार कराया। बुधवार सुबह उसकी हालत और बिगड़ी तो परिजनों ने उसे अतर्रा अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न आने पर चिकित्सकों ने छात्र को बांदा रिफर कर दिया। इसमें परिजनों ने दोपहर में बांदा के एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए भर्ती कराया। शाम तकरीबन चार बजे बच्चे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे किसी दूसरे अस्पताल जाने को कहा। परिजनों के जिला अस्पताल ले जाने पर डयूटी में तैनात चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की जानकारी जैसे ही उसकी मां चंद्रकली व पिता शिव दुलारी को हुई कोहराम मच गया। चार बेटियों के बीच एकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर मां गश खाकर गिर गई।
