यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बलरामपुर में डेंगू की दस्तक, दो बीमार

बलरामपुर : लखनऊ समेत अन्य जिलों में धीरे-धीरे फैल रहे डेंगू ने बलरामपुर में भी दस्तक दी है। डेंगू से पीड़ित दो मामले में आए हैं। दोनों का ही लखनऊ स्थित निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हालांकि स्थानीय स्वास्थ्य महकमा इससे बेखबर है।
नगर के नईबाजार निवासी युवा कांग्रेस के श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष दीपांकर सिंह (26) पुत्र धु्रव सिंह पिछले एक सप्ताह से बीमार थे। उन्होंने नगर स्थित एक निजी क्लीनिक में डॉ. वाई पी गुप्ता से प्रारंभिक उपचार कराया। आवश्यक जांच के लिए उन्होंने बलरामपुर पैथालॉजी भेजा। यहां जांच में टायफाइड होने की रिपोर्ट दी गई। इसी आधार पर इलाज शुरू हुआ तो दीपांकर की हालत बिगड़ने लगी। गुरुवार की शाम परिवारीजन उन्हें लेकर लखनऊ गए तो मुंशीपुलिया स्थित एक निजी हास्पिटल में हुई जांच में दीपांकर डेंगू से पीड़ित पाए गए। उनका इलाज वहीं पर हो रहा है। हालांकि पैथालाजी संचालक का कहना है कि उसने डेंगू की जांच नहीं किया था। दूसरा मामला नगर के पुरैनिया तालाब निवासी डॉ. राधाकृष्ण तिवारी (28) पुत्र वंशीधर तिवारी भी बुखार आदि से पीड़ित थे। वह भी लखनऊ जाकर विशाल हास्पिटल में जांच कराए तो डेंगू से पीड़ित मिले। चार दिन उपचार के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों ही मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। इधर, जिले का स्वास्थ्य महकमा इस प्रकरण से पूरी तरह अनभिज्ञ है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. धु्रव नाथ का कहना है कि यहां अभी तक डेंगू का मामला संज्ञान में नहीं आया है। अस्पताल में जांच व उपचार की पूरी व्यवस्था है। यहां से कोई मरीज रेफर भी नहीं किया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
