यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार व डायरिया से तीन बच्चों की मौत

बहराइच : गर्मी बढ़ने के साथ ही बुखार और डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती तीन मासूमों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वार्ड में भर्ती एक दर्जन मासूमों की हालत गंभीर बनी है।
शहर के बक्शीपुरा मुहल्ला निवासी अरमान(6) पुत्र हनीफ को दो दिन पूर्व तेज बुखार शुरू हुआ और झटके आने लगे। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया। दो दिन उपचार के बाद रविवार को अरमान ने दम तोड़ दिया। पयागपुर थाना क्षेत्र के काशीजोत निवासी राजेश(6 माह) और महसी क्षेत्र के पिपरी माफी गांव निवासी सचिन(4 माह) पुत्र बुधराम की भी बुखार और डायरिया से गंभीर होने के कारण रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को बारह और मासूमों को इलाज के लिए चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसमें अधिकांश तेज बुखार और डायरिया से पीड़ित हैं। बौंडी थाना क्षेत्र के तेलियनपुरवा निवासी अपयाला(4) पुत्री महादेव, रामगांव थाना क्षेत्र के महरी गांव निवासी लक्ष्मी(5 माह) पुत्री अनंतराम, शहर के नाजिरपुरा निवासी गुड्डू(1 माह) पुत्र मुन्ना तथा श्रावस्ती जिले के वैरागीपुरवा निवासी सुषमा(4) पुत्री सोट्टन समेत दर्जनों भर्ती बच्चों की हालत गंभीर है।
