यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 26, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संदिग्ध दिमागी बुखार व डायरिया से चार की मौत

बहराइच : जिला चिकित्सालय में रविवार को संदिग्ध दिमागी बुखार व डायरिया से पीड़ित होने पर भर्ती कराये गये चार लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसमें दो मासूम बच्चे शामिल हैं। वहीं चिकित्सालय में डायरिया और बुखार से पीड़ित एक दर्जन से अधिक बच्चों को भर्ती कराया गया है।
नानपारा थाना क्षेत्र कुसवन बनकटी निवासी हसमत अली(28)पुत्र मुहम्मद यूसुफ को तीन दिन पूर्व तेज बुखार हुआ और झटके आने लगे। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बौंडी थाना क्षेत्र के बभनपुरवा निवासी शांति(40)पत्नी बदलू राम की भी तेज बुखार और पेट में संक्रमण के चलते उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं मोतीपुर थाना क्षेत्र के रामू (8 माह)पुत्र ननके तथा टिकोरा मोड़ निवासी बसंत लाल के नवजात शिशु को डायरिया व बुखार होने के कारण चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। चिल्ड्रेन वार्ड में रविवार को एक दर्जन से अधिक बच्चों को डायरिया व बुखार से पीड़ित होने के कारण भर्ती कराया गया है। जिसमें दरगाह मुहल्ला निवासी अंकुश(5)पुत्र राम किशोर, कोतवाली देहात क्षेत्र के भोगाजोत निवासी अनुज कुमार पुत्र कामता प्रसाद, फखरपुर निवासी मीनू पुत्री महेश, रामगांव थाना क्षेत्र के रेहुआ मंसूर निवासी शिवा पुत्र किशन लाल, श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के वजीरपुर निवासी आसिफ अली पुत्र कलीम तथा गिलौला थाना क्षेत्र के शहजादी गांव निवासी कृष्ण कुमारी पुत्र चिंता राम समेत दर्जनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
