यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संक्रमण से दो मासूमों समेत चार की मौत

बहराइच : भीषण गर्मी और उमस के चलते बुखार और संक्रामक रोग फैलने से पिछले 24 घंटों में दो मासूमों सहित चार की मौत हो गई। परिजनों ने इन्हें बुखार और संक्रमण होने से हालत गंभीर होने के कारण जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। बुधवार को चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में 22 बच्चों को भर्ती किया गया जिसमें अधिकांश बुखार व संक्रामक रोगों से पीड़ित हैं।
हरदी थाना क्षेत्र के वंशरामपुर निवासी कविता देवी(8)पुत्री राम मिलन तथा इसी थाना क्षेत्र के जोकहा गांव निवासी तबस्सुम पुत्री गुलाम मुहम्मद को बुखार और पेट में संक्रमण होने के कारण परिजन उन्हें लेकर जिला चिकित्सालय आए और भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान दोनों मरीजों की मौत हो गई। उधर फखरपुर थाना क्षेत्र के चंद्रखा निवासी अनारकली (60)पत्नी शोभाराम तथा हरदी थाना क्षेत्र के सिराजपुर निवासी जानकी (50)पत्नी राजाराम को भी बुखार और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के काम न करने संबंधी परेशानी होने पर परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान इन दोनों ने भी दम तोड़ दिया। बुधवार को जिला चिकित्सालय के चिल्ड्रेन वार्ड में 22 बच्चों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया जिसमें अधिकांश बुखार और संक्रामक रोगों से पीड़ित हैं। चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती मासूमों में कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सिकुरा निवासी कौशल(5)पुत्र सुकई, विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के मन्नीटांड निवासी सत्यम(4)पुत्र पवन कुमार, खैरीघाट थाना क्षेत्र के चौकसाहार गांव निवासी राजकुमार(4)पुत्र रमेश, श्रावस्ती जिले इकौना थाना क्षेत्र के महादेव जगदीश गांव निवासी सनी(5)पुत्र पप्पू तथा बलरामपुर जनपद के दल्लीपुर गांव निवासी गायत्री पुत्री अनिल कुमार की हालत बुखार और संक्रमण के कारण गंभीर बनी हुई है।
