यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कड़ाके की ठंड से युवक की मौत

बहराइच : पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से तराई में गलन बढ़ गई है। कोहरे के चादर से तराई ढकी रही। दोपहर तक सूरज के दर्शन नहीं हुए। शाम होते-होते गलन और ठिठुरन से लोग परेशान दिखे। तापमान नीचे लुढ़क गया। ठंड से एक युवक की मौत हो गई। प्रशासन इससे इंकार कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि पहाड़ों पर बर्फबारी व तराई में बारिश के बाद पारा नीचे लुढ़क गया है। ठंड और ठिठुरन से लोग बेहाल रहे। रविवार को दोपहर तक कोहरे की चादर से तराई ढकी रही। दोपहर बाद सूर्य निकलने से तापमान बढ़ा। लोगों की सड़कों पर चहलकदमी दिखाई दी। शाम होते-होते लोग घरों में दुबक गए। कोहरे के कारण ट्रेन आवागमन प्रभावित हुआ। ट्रेने दो से ढाई घंटे विलंब से आई-गई। चालकों को गति धीमी के निर्देश दिए गए। बसों के चक्के भी सड़कों पर मंद पड़ गए। फसल अनुसंधान केंद्र प्रभारी व मौसम वैज्ञानिक डॉ.आरके श्रीवास्तव ने बताया कि उपग्रह से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम साफ रहेगा। महसी संवादसूत्र के अनुसार कोतवाली देहात के कटहा निवासी प्रकाश मौर्य(25) पुत्र श्यामलाल को अचानक पेट दर्द होने लगा। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उसकी मौत हो गई। परिवारीजनों ने लेखपाल को सूचना दी। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इससे इंकार किया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
