विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गलन भरी ठंड से कांपा गांव-शहर, एक की मौत

By Edited By:
Published: Sat, 12 Jan 2013 02:01 AM (IST)Updated: Sat, 12 Jan 2013 02:03 AM (IST)

News Article Hero Image

जागरण कार्यालय, बहराइच : तराई में ठंड का कहर कम नहीं हो रहा है। ठिठुरन और गलन से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शीत लहर तेज होने से सड़कों पर सन्नाटे सा नजारा है। धूप के दर्शन के लिए लोग तरसते रहे। दिन का अधिकतम तापमान भी लुढ़क कर काफी नीचे आ गया। ठंड लगने से एक वृद्ध की मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से तराई में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरे की चादर पूरे दिन छाई रही। सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। प्रशासन के अलाव की लौ धधक नहीं रही है। जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज और तीमारदार बेहाल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन के फरमान के बाद भी स्कूल बंद नहीं किए गए हैं, जिसके चलते अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिन का अधिकतम तापमान भी काफी नीचे आ गया है। फसल अनुसंधान केंद्र प्रभारी व मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान कम होने से ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि कोहरा और गलन अभी बनी रहेगी। फखरपुर संवादसूत्र के अनुसार विकास खंड के भिलोरा काजी निवासी बहादुर(65) पुत्र महावीर शुक्रवार को शौच कर वापस आया तभी उसे ठंड लग गई जिससे उसकी मौत हो गई।

इनसेट : मुश्किलें बढ़ा रही लेट ट्रेनें

बहराइच : गोंडा-मैलानी रेल प्रखंड पर ट्रेनें कई घंटे विलंब से आ जा रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों की दुश्वारियां और बढ़ गई हैं। कड़ाके की ठंड में ट्रेनों का इंतजार यात्रियों पर दोहरा कहर ढा रहा है। शुक्रवार को गोंडा से नेपालगंज जाने वाली ट्रेन डेढ़ घंटे विलंब से स्टेशन पहुंची जबकि मैलानी से आने वाली दो घंटे देरी से आई।

इनसेट : नपाप ने जलवाया अलाव

बहराइच : नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी रेहान खां ने बताया कि अब तक विभिन्न वार्डो में सत्तर से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाए गए। उन्होंने बताया कि बोर्ड की बैठक में वार्डो में अलाव जलवाने की जिम्मेदारी सभासदों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर परिषद ने अलाव के लिए लकड़ियां डलवाई, लेकिन आसपास के लोग उसे घरेलू कार्य के लिए उठा ले गए। उनकी इस कार्यप्रणाली से अन्य निवासियों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड के मद्देनजर दरगाह शरीफ सहित अन्य स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर