यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठिठुरन व गलन बरकरार, दो की मौत

जागरण कार्यालय, बहराइच : गुरुवार सुबह कोहरे को चीरती हुई धूप निकली। खिली धूप पर ठिठुरन और गलन भारी रही। तापमान गिरने से लोग ठिठुरन से दिन भर बेजार रहे। अलाव न जलने से लोगों की मुश्किलें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। ठंड की चपेट में आकर बुधवार की रात दो लोगों की और मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि तराई में कड़ाके की ठंड पिछले बाइस दिनों से पड़ रही है। ठंड ने पिछले कई वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया है। जनजीवन अस्तव्यस्त है। चल रही शीत लहर से लोग घरों में कैद रहने को विवश हो रहे हैं। कोहरे के कारण वाहनों के चक्के धीमे पड़ गए हैं। ट्रेनें कई घंटे विलंब से आ-जा रही हैं। जिला चिकित्सालय व निजी चिकित्सकों के यहां कोल्ड डायरिया व न्यूमोनिया से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। महसी संवादसूत्र के अनुसार थाना बौंडी क्षेत्र के कोदही निवासी नन्हा(55) पुत्र पंचम को ठंड लग गई। उपचार के लिए उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया जहां बुधवार की रात उसकी मौत हो गई। रिसिया संवादसूत्र के अनुसार रिसिया नगर निवासी मोहसिन खां(80) पुत्र वलीमुहम्मद की ठंड की चपेट में आकर रात में मौत हो गई। ठंड से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से जलवाए गए अलाव बुझ चुके हैं। इन स्थानों पर दोबारा लकड़ियां डालने के लिए अधिकारी संजीदा दिखाई नहीं दे रहे हैं। फसल अनुसंधान केंद्र प्रभारी व मौसम वैज्ञानिक डॉ.आरके श्रीवास्तव ने बताया कि अधिकतम तापमान 17 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। धूप खिलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि अभी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
