यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सर्दी का सितम जारी, तीन ने दम तोड़ा

बहराइच, तराई अभी चार दिनों तक यूं ही ठिठुरता रहेगा। पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बढ़ती हवाएं आर्द्रता तो कम करेंगी, लेकिन ठंड से फुर्सत मिलने वाली नहीं है। ठंड के चलते एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई है।
मंगलवार को भीषण ठंडक से गांव और शहर कांप उठे। पश्चिमोत्तर दिशा की ओर बहने वाली हवा की रफ्तार में इजाफा हुआ और यह पांच किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बहने लगी। दोपहर में धुंध छटी। हल्की धूप के आसार नजर आए, लेकिन चंद मिनटों के बाद ही फिर से कुहासा छाने लगा। दिन का न्यूनतम तापमान कल के मुकाबले 1 सेंटीग्रेड बढ़ कर 3.5 पहुंच गया, लेकिन लोगों को ठिठुरन से राहत नहीं मिल पाई है।
वैज्ञानिक डॉ.आरके श्रीवास्तव ने बताया कि चार दिनों तक न तो बादल छाएंगे न बरसात होगी। ठंड में अभी कमी आने की आसार नहीं हैं। उधर भीषण ठंडक के चलते दो लोगो की मौत हो गई है। महसी संवादसूत्र के अनुसार कपूरपुर निवासी मिहीलाल पुत्र राम आसरे ठंड के चलते बीमार हुआ था। रात में उसने दम तोड़ दिया।
उधर, जैतापुर निवासी सदाना पत्नी हाफिज अली की भी मौत ठंड के चलते हो गई। उसे अचानक पेट में तेज दर्द ठंड के चलते हुआ था। गजाधरपुर निवासी हसन(70)की मौत ठंड के चलते मंगलवार को हो गई। ठंड लग जाने के चलते हसन का श्वसन तंत्र बिगड़ गया था। परिवारीजनों ने उसका इलाज कराया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। विशेश्वरगंज संवादसूत्र के अनुसार कड़ाके की ठंड को देखते हुए जहां प्रशासन ने सभी कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के सरकारी व निजी विद्यालयों को बन्द करवा दिया गया है। कहीं पर कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के विद्यालय भीषण ठंडी के बावजूद संचालित किए जा रहे हैं। इससे छात्र छात्राओं को भारी दिक्कतें हो रही हैं।
इनसेट :
डायरिया और न्यूमोनिया से 20 भर्ती
बहराइच : ठंड के साथ ही बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में 20 नए बाल रोगी मंगलवार को भर्ती कराए गएहैं। इनमें डायरिया और न्यूमोनिया से पीड़ित रोगी सर्वाधिक हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.केके वर्मा ने बताया कि तापमान में गिरावट आने के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावकों को चौकस रहना होगा। उन्हें ठंड से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरते जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि जो रोगी भर्ती हुए हैं उनका इलाज पूरी तत्परता से किया जा रहा है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
