यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से ग्रामीण की मौत, हंगामा

बिनौली : धनौरा सिल्वरनगर गांव में बुखार से पीड़ित ग्रामीण की शुक्रवार देर शाम मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने गांव के ही झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। मृतक के परिजनों ने झोलाछाप के खिलाफ बिनौली थाने में तहरीर दी है।
धनौरा सिल्वरनगर निवासी शीशपाल (36) पुत्र हरिचंद कई दिनों से बुखार से पीड़ित था, जिसका गांव के एक झोलाछाप के यहां उपचार चल रहा था। हालत अधिक बिगड़ने पर शुक्रवार को झोलाछाप ने उसे मेरठ भेज दिया, लेकिन देर शाम शीशपाल की मौत हो गई। परिजन शव को लेकर गांव में आ गए। गुस्साए परिजनों ने झोलाछाप पर गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर बागपत सीओ मंशाराम गौतम और इंस्पेक्टर सतीश चंद्र मय फोर्स मौके पर पहुंचे और स्थिति को किसी तरह संभाला। आरोपी झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत किया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इन्कार कर दिया। हालांकि उन्होंने आरोपी के खिलाफ बिनौली थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस झोलाछाप को पकड़कर चौकी पर लेकर आ गई। हालांकि देर शाम तक दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे थे।
..और मचा हड़कंप
झोलाछाप और पीड़ित परिवार दोनों अलग-अलग संप्रदाय के हैं। इसीलिए हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया था। यहां तक कि मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल भी भेजा गया। मामला शांत होने के बाद ही पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली। फिर भी सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
ये लोग भी हैं बीमार
विमलेश, सीमा, जुम्मो, पूजा, सोनी, दीपा, रीता, मुनेश और कविता आदि पिछले कई दिनों से बुखार से पीडि़त हैं। उपचार के बावजूद इनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीम नहीं भेजा जा रही, जिस कारण बुखार का प्रकोप अधिक बढ़ रहा है।
इन्होंने कहा..
दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। समझौता नहीं होने पर झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सतीश चंद्र, इंस्पेक्टर, बिनौली
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
