यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खट्टा प्रहलादपुर में बुखार से एक और बच्ची की मौत

चांदीनगर : खट्टा प्रहलादपुर में संक्रामक रोगों ने मौत का जाल बिछाना शुरू कर दिया है। शनिवार को एक बच्ची की बुखार से मौत हो गयी। शुक्रवार को भी एक किशोर की डेंगू से मौत हुई थी। ग्रामीण बुखार के जानलेवा कहर से सहमे हुए हैं। अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
खट्टा प्रहलादपुर निवासी मुकेश की आठ वर्षीय बेटी नेहा पिछले पांच दिन से बुखार से पीड़ित थी। गांव में ही उसका इलाज कराया जा रहा था। शनिवार को जब उसे तेज बुखार चढ़ा तो परिजन उसे बागपत ले जाने लगे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को भी एक किशोर ने डेंगू बुखार के चलते दम तोड़ दिया था।
दूसरी तरफ गांव में दर्जनों लोगों की हालत गंभीर है। सुरेंद्र का पूरा परिवार बुखार की गिरफ्त में है। सुरेंद्र पुत्र जबर बागपत में एक निजी अस्पताल में भर्ती है तो वहीं उनकी 18 वर्षीय बेटी प्रियंका गाजियाबाद के एक अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा मुन्नी (55), बाला (52), पिंकी (32), मोनू (25), पूनम (32), अरुण (33), धर्मवीर (54), इंद्रपाल (48), शांता (24), रामबोल (53), सविता (25), सुनील (35) आदि बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीण संक्रामक रोगों के जानलेवा कहर से डरे हुए हैं। ग्रामीण राममेहर, राजन आदि ने प्रशासन से गंभीर कदम उठाने की मांग की है।
रात में हुई फॉगिंग, चार बजे तक नहीं लगा कोई कैंप
गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार रात फॉगिंग करायी गयी, लेकिन शनिवार सायं चार बजे तक स्वास्थ्य विभाग कैंप नहीं लगा सका। ग्राम प्रधान मनोज ने बताया कि उनके संज्ञान में कैंप की जानकारी नहीं है। उधर, सीएमओ डॉ. जेपी शर्मा ने बताया कि बारिश की वजह से चिकित्सकों की टीम देरी से पहुंची है। वह खुद मौके पर जाकर मौका मुआयना करेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
