यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से वृद्धा और किशोरी की मौत

-बड़का में पांच सौ से ज्यादा बुखार के मरीज सामने आए
-महामारी की तरह पूरे गांव में फैलता जा रहा बुखार
-स्वास्थ्य विभाग नहीं ले रहा सुध, ग्रामीणों में आक्रोश
-एक घंटे का स्वास्थ्य शिविर लगा खानापूर्ति करने का आरोप
जागरण कार्यालय, बड़ौत : बड़का गांव में बुखार के कारण वृद्धा ने दम तोड़ दिया, जबकि तेड़ा गांव में बुखार से शनिवार रात्रि एक किशोरी की भी मौत हो गई। बड़का गांव में तो अब तक पांच सौ से ज्यादा ग्रामीणों के बुखार से पीडि़त होने की बात सामने आ रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग हाथ पर हाथ रखे बैठा है।
तेड़ा निवासी अशोक कुमार की बेटी सोनिया (15) पिछले पांच दिन से बुखार की चपेट में थी। उसका बड़ौत के आस्था अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार को उसकी बुखार के कारण ही मौत हो गई। दूसरी ओर बड़का गांव में भी बुखार के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। 'दैनिक जागरण' के 17 सितंबर के अंक में बड़का गांव में बुखार से सैकड़ों ग्रामीणों के पीड़ित होने की खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग मामूली हरकत में आया और 19 सितंबर को गांव में मेडिकल कैंप लगाया गया, लेकिन बुखार से निपटने के लिए कोई पुख्ता इंतजामात नहीं किए गए।
गांव निवासी प्रदीप शर्मा की मां संतोष शर्मा (65) पिछले 10 दिन से बुखार से पीड़ित थी। बड़ौत स्थित डा. शशि प्रकाश के यहां उनका उपचार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उन्हें भी आस्था नर्सिग होम में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उनकी शुक्रवार देर रात ही अस्पताल में मौत हो गई।
'दैनिक जागरण टीम' शनिवार को दोबारा गांव पहुंची तो हालात पहले से भी ज्यादा बदतर मिले। गांव में कई परिवार को ऐसे मिले हैं, जिसमें सभी सदस्य बुखार से पीड़ित हैं। गांव निवासी केलावती (63) पत्नी रामभजन पिछले सात दिन से बुखार से पीड़ित हैं। दूसरी ओर इनके पड़ोसी प्रवीण कुमार और उनकी पत्नी गीता दोनों ही आठ दिनों से बुखार की चपेट में हैं। इसके अलावा जोगेंद्र की बेटी श्वेता, बेटा सोनू, मनीष कुमार तीनों बुखार से पीड़ित हैं। इसके अलावा हरिओम वर्मा के बेटे मोहित और बेटी पायल बुखार से पीड़ित हैं। ज्यादातर प्रत्येक परिवार से एक या दो परिवार बुखार से ग्रसित हैं।
इन्होंने कहा..
बुखार से मौत की जानकारी मिली है। दो टीमों को गठन कर गांव में सप्ताहभर पूरे दिन के लिए ड्यूटी लगाई जाएगी। मच्छरों से बचाव के लिए उपाय शुरू कर दिए गए थे। गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
-डा. जितेंद्र वर्मा, डिप्टी सीएमओ।
-----------
विनय शर्मा
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
