यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू बुखार से अधेड़ की मौत

बदायूं : जिले में डेंगू का कहर चरम पर है। एक-एक कर लोग काल का ग्रास बनते जा रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कागजी आंकड़ों की दुहाई दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते दातागंज निवासी किसान की डेंगू बुखार से मौत हो गई। इसे मिलकर अब तक आधा दर्जन लोगों की डेंगू बुखार से मौत हो चुकी है।
दातागंज स्थित बिजलीघर के पास रहने वाले छोटे के 45 वर्षीय पुत्र माजिद को दो दिन पहले तेज बुखार की शिकायत होने पर परिजन उसे स्थानीय सीएचसी ले गए। जहां मौजूद डाक्टर ने दवा देकर उसे घर भेज दिया। सोमवार को उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई तो परिजन उसे बरेली ले गए। जहां जांच में उसे डेंगू का संक्रमण होने की पुष्टि हुई। हालत नाजुक देखते हुए डाक्टर ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। मंगलवार को परिजन उसे लेकर अलीगढ़ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
अब तक जिलेभर में आधा दर्जन लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है और दर्जनभर से ज्यादा लोगों को डेंगू का संक्रमण हो चुका है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में केवल तीन लोगों को ही डेंगू का संक्रमण हुआ जबकि एक भी मरीज की डेंगू से मौत नहीं हुई। जब स्वास्थ्य विभाग मरीजों में डेंगू के संक्रमण की बात स्वीकार करने को ही तैयार नहीं है तो फिर डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा प्रयास किए जाने का सवाल ही नहीं उठता।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
