यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेरहम ठंड ने ली तीन की जान

आजमगढ़ : ठंड के कहर से मरने वालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार डिग्री सेल्सियस से भी कम तापमान के कारण जनपद में 24 घंटे के भीतर दो विवाहिता समेत तीन की जान चली गई। रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र नई गांव में सोमवार की रात मंडई में सोए 54 वर्षीय श्यामू पुत्र सहाबल राम को ठंड लग गई। मंगलवार की सुबह उपचार हेतु ले जाने से पूर्व ही उसकी सांसे थम गई। बूढ़नपुर प्रतिनिधि के अनुसार अतरौलिया थाना अंतर्गत स्थानीय कस्बे में सोमवार की रात ठंड लगने से 26 वर्षीया अनीता पत्नी गुलाब शर्मा की मौत हो गई। महिला का पति जीविकोपार्जन के लिए मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में रहता है। अनीता ससुराल में परिजनों के साथ रहती थी। सोमवार की रात वह परिजनों को भोजन कराने के बाद बर्तन की धुलाई कर रही थी तभी सीने में तेज दर्द उठा और परिजन उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए जहां चिकित्सक द्वारा महिला की हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित महिला को उपचार हेतु जिला मुख्यालय लाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पल्हना प्रतिनिधि के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुआं खुर्द गांव में अचानक फूलमती (39) को उल्टी-दस्त के साथ सीने में दर्द शुरू हुआ और कांपने लगी। परिवार के लोगों ने आग जलाकर उसे पास बिठाया लेकिन कोई आराम नहीं हुआ तो स्थानीय बाजार के एक चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने ठंड लगना बताया और कहीं और ले जाने की सलाह दी। परिजन अभी कुछ सोचते कि उसने दम तोड़ दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
