यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से फिर दो मौतें, आंकड़ा 12 पार

औरैया, रिपोर्टर : जिले में मंगलवार को दो लोगों की ठंड से मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में ठंड ने अब तक 13 लोगों की जान ली है। पिछली बार ठंड ने 76 लोगों को मौत की नींद सुला दिया था। इधर प्रशासनिक अमले का जो दावा है वह बेहद चौकाने वाला है। जिला बने हुए 15 साल बीत चुके हैं प्रशासन का कहना है कि ठंड से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।
मंगलवार को अछल्दा में विकास खंड क्षेत्र के ग्राम बझेरा के मजरा रामनगर अमेला में खेत में पानी लगाकर घर वापस आए 38 वर्षीय दौलत सिंह को ठंड लग गई। परिजन उसके इलाज के लिए दौड़ पड़े, लेकिन दौलत सिंह की मौत हो गई। ग्राम प्रधान नाथूराम दोहरे, अमर सिंह यादव, जबर सिंह, शिवपाल सिंह आदि ने जिलाधिकारी से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। उधर कड़ाके की ठंड के चलते दिबियापुर के ग्राम बैसुन्धरा में 104 वर्षीय नरोत्तम सिंह यादव की ठंड लगने से मौत हो गई।
ठंड का कहर बदस्तूर जारी है जिले में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। 23 दिसंबर को याकूबपुर में 55 वर्षीय सिपाही लाल की ठंड से मौत हुई थी। इसी तरह दो जनवरी को बिधूना के बरुआ निवासी 35 वर्षीय गिरीश, पांच जनवरी को चिरुहूली में 75 वर्षीय ज्योति स्वरूप, शौरी गढि़या में 65 वर्षीय राम बिहारी दुबे तथा सैनिकनगर दिबियापुर निवासी 50 वर्षीय अजीत सिंह, चार जनवरी को 65 वर्षीय मुरादगंज निवासी लखन प्रजापति, 60 वर्षीय जगतपुर निवासी पुत्तीलाल निषाद तथा 65 वर्षीय बिधूना पुरवा भदौरिया निवासी शिवनाथ, छह जनवरी को जगन्नाथपुर मे 58 वर्षीय श्रमिक मान सिंह कुशवाहा, 60 वर्षीय कोराई बेला में छोटे लाल तथा सूर्यनगर में 70 वर्षीय नत्थू खां, वहीं सात जनवरी को 72 वर्षीय लहौखर निवासी रामवती, रामगढ़ निवासी 65 वर्षीय कृष्ण गुप्ता तथा अजीतमल मे 75 वर्षीय नवाब खां की ठंड से मौत हुई। तहसीलदार देवेन्द्र कुमार का कहना है कि ठंड से अधिकारिक तौर पर किसी भी मौत नहीं हुई है। बताया जाता है कि बिना पोस्टमार्टम के ठंड से हुई मौत की पुष्टि प्रशासन के रिकार्ड में दर्ज नहीं की जाती।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
