यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दुबई से घर आए प्रबंधक की बुखार ने ली जान
अमरोहा। मौसम बदलते ही बुखार ने दस्तक दे दी है। तेज बुखार से तपने व सिर दर्द की शिकायत के साथ प्लेट ल

अमरोहा। मौसम बदलते ही बुखार ने दस्तक दे दी है। तेज बुखार से तपने व सिर दर्द की शिकायत के साथ प्लेट लेट्स कम होने से उत्पन्न डेंगू की आशंका में मेरठ ले जाए गए एलजी कंपनी के प्रबंधक की मौत हो गई। हालांकि डेंगू आशंकित की इस मौत से स्वास्थ्य महकमा अनजान बना है।
शहर के मुहल्ला नल नई बस्ती निवासी मोहम्मद हाशिम का बेटा नदीम हाशिम दुबई में नौकरी करता था। वहां वह एलजी कंपनी में मैनेजर के पद पर तैनात था। हाल में पांच अक्टूबर को ही ईद मनाने के लिए यहां अपने घर आया था। 12 अक्टूबर से उसे बुखार की शिकायत हो गई। निजी डाक्टरों से दवाई भी ली। एक चिकित्सक से आराम नहीं होने पर दूसरे, फिर तीसरे को भी दिखाया गया। किसी से फायदा नहीं हुआ। परिवार वाले बताते हैं कि इससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। खून की विभिन्न जांच में उसकी प्लेटलेटस भी घटती चली गई। इससे डेंगू की आशंका उत्पन्न होने पर उसे बुधवार को मेरठ ले जाया गया। वहां केएमसी हास्पिटल में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन गुरुवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक मृत्यु से पूर्व जांच में उसकी प्लेटलेटस मात्र आठ हजार थी। हालांकि उसके सगे संबंधी मौत की वजह डेंगू ही मान रहे हैं, लेकिन इसको लेकर स्वास्थ्य महकमा देर शाम तक अनजान बना था। इस बारे में पूछे जाने पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा मंजू शर्मा ने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि रोगी की मौत मेरठ में हुई है। इस बारे में वह कुछ नहीं बता सकती।
