रेल कर्मियों ने रोकी मालगाड़ी, किया हंगामा
जासं, इलाहाबाद : बुधवार शाम ड्यूटी पर निकले रेलकर्मी के खून से सने कपड़े गुरुवार की सुबह
जासं, इलाहाबाद : बुधवार शाम ड्यूटी पर निकले रेलकर्मी के खून से सने कपड़े गुरुवार की सुबह नैनी पुल रेल ट्रैक के किनारे मिलने पर हंगामा मच गया। हालांकि आसपास खोजने पर उसका पता नहीं चल सका। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जहां उसकी हत्या की आशंका जताई वहीं आक्रोशित रेल कर्मियों ने पुल से गुजर रही मालगाड़ी को रोककर रेल ट्रैक जाम कर दिया।
बिहार के भोजपुर जिला स्थित जोगीवीर गांव निवासी विष्णु देव यादव (45) पुत्र शिवजनम यादव रेलवे में की मैन था। यहां वह खुल्दाबाद स्थित भुसौली टोला में पत्नी उर्मिला व बेटे सुनील के साथ रहता था। इस समय विष्णु की ड्यूटी पुराने यमुना पुल पर थी। बुधवार को शाम छह बजे वह ड्यूटी के लिए निकला। गुरुवार की सुबह अन्य रेल कर्मी जब वहां पहुंचे तो विष्णु नहीं मिला अलबत्ता उसके खून से सने कपड़े ट्रैक के किनारे पड़े थे। आसपास कुछ मांस के टुकड़े भी मिले। हालांकि खोजने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इस बीच जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी उर्मिला व बेटे ने विष्णु की हत्या की आशंका जताई। उधर, घटना से नाराज रेल कर्मियों ने सुबह 11 बजे नैनी स्टेशन से निकली मालगाड़ी दादरी को पुल पर रोक दिया। ट्रेन करीब 40 मिनट वहां रुकी रही। कर्मचारियों की मांग थी कि की मैन की ड्यूटी के साथ आरपीएफ को भी लगाया जाए। साथ ही विष्णु देव को तत्काल ढूंढ निकाला जाए। मौके पर पहुंचे नैनी कोतवाल केपी सिंह ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद ट्रेन वहां से रवाना हो सकी। रूट बाधित रहने से पांच मालगाड़ियों के साथ ही सारनाथ एक्सप्रेस व मूरी एक्सप्रेस प्रभावित रहीं। कोतवाल ने बताया कि अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है फिर भी पुलिस अपने तरीके से जांच कर रही है।