यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्लेटफार्म टिकट महंगा होने का विरोध
जासं, इलाहाबाद : बुधवार से प्लेटफार्म टिकट महंगा हो रहा है जिसके विरोध में मंगलवार को कांग्रेसियों न

जासं, इलाहाबाद : बुधवार से प्लेटफार्म टिकट महंगा हो रहा है जिसके विरोध में मंगलवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। रामबाग स्टेशन पर गोरखपुर से कानपुर जाने वाली चौरीचौरा एक्सप्रेस को लगभग आधे घंटे रोके रखा। इसको लेकर वहां हड़कंप मचा रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह आठ बजे ही स्टेशन पर पहुंच गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में गोरखपुर से कानपुर को जा रही चौरीचौरा एक्सप्रेस पहुंची तो उसे रोक लिया। स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास करने लगे। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी पहुंच गए जिनसे कांग्रेसियों की नोकझोंक भी हुई। युवा नेता हसीब अहमद और श्रीश दुबे का कहना था कि केंद्र सरकार ने जनता के साथ 'अप्रैल फूल' मनाया है। प्लेटफार्म टिकट के दाम दोगुने होने से जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। अधिकारियों के मान मनौवल के बाद साढ़े आठ बजे ट्रेन को जाने दिया गया। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. असलम, शिवचंद्र कुशवाहा, जीशान अहमद, जितेंद्र मिश्रा, अजीत पासी, विजय श्रीवास्तव, विपिन ओझा, शिवकरन, रामजी यादव, गोलू पासी, अनुज श्रीवास्तव रहे।
