विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 25, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हंडिया में डायरिया से मां-बेटे की मौत

By Edited By:
Published: Fri, 25 Jul 2014 01:16 AM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : बदलते मौसम के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों ने डेरा डालना शुरू कर दिया है। जिले के यमुनापार में डायरिया का प्रकोप था ही, अब गंगापार में भी इसने पैर फैला दिए हैं। हंडिया में अहिरी गांव की हरिजन बस्ती में दर्जन भर लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं। यहां मां-बेटे की मौत हो गई है। सीएमओ डॉ. पद्माकर सिंह ने कहा कि गांव में दो लोगों के मरने की जानकारी मिली है। टीम भेज कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली जा रही है। हालत पर नियंत्रण के लिए सभी संभव कदम उठाए जाएंगे।

सैदाबाद विकास खंड के अहिरी गांव में बीते मंगलवार को डायरिया ने सबसे पहले रमेश कुमार के बेटे करन (पांच वर्ष) को अपनी चपेट में लिया। उल्टी दस्त की शिकायत पर उसे इलाज के लिए प्राइवेट डाक्टर के यहां ले जाया गया। उसका इलाज चल ही रहा था कि रमेश की पत्‍‌नी रीना (30) भी बीमारी की चपेट में आ गई। दोनों का इलाज पास के ही एक प्राइवेट डाक्टर के यहां कराया जा रहा था। बुधवार की शाम इलाज के दौरान करन की मौत हो गई। देर रात रीना ने भी दम तोड़ दिया। मां बेटे की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को दी। जानकारी मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपरदहा के अधीक्षक डा. बाल मुकुंद पटेल टीम के साथ गांव पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। कुओं में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया। गांव की अंकिता, 18, अनिता 13, लालाराम 28, नीलू, नीलम, रामजी, शेषमणि सहित आधा दर्जन से अधिक पीड़ितों को अस्पताल लाकर उनका इलाज शुरू कराया गया। ग्रामीणों को कुओं का पानी न पीने की सलाह दी गई है।

--------

हंडिया में मां-बेटे की मरने की सूचना मिली है। पीड़ितों का इलाज सीएचसी में किया जा रहा है। जिस डाक्टर के यहां मां बेटे की मौत हुई, उसके बारे में जानकारी मांगी गई है। उसकी डिग्री आदि के बारे में पता करने को कहा गया है। अनियमितता पाए जाने पर उक्त चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-डा. पद्माकर सिंह, सीएमओ इलाहाबाद