Move to Jagran APP

घर की ओर बढ़े अमरनाथ यात्री

By Edited By: Published: Sun, 20 Jul 2014 02:14 AM (IST)Updated: Sun, 20 Jul 2014 02:14 AM (IST)
घर की ओर बढ़े अमरनाथ यात्री

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : बालटाल में शुक्रवार को उत्पात के बाद अलीगढ़ के अमरनाथ यात्री लौट चले हैं। वापसी में शुक्रवार देर रात जिस बस पर पथराव हुआ था, उसके छह घायल यात्री भी काफिले के साथ वैष्णो देवी होते हुए लौट रहे हैं। वे सोमवार तक अलीगढ़ पहुंच जाएंगे। वहीं, बालटाल के तमाम शिविरों पर पर्दे डाले जा चुके हैं। अलीगढ़ के शिविर में यात्रियों के लिए भरपूर इंतजाम हैं।

loksabha election banner

दहशत के पल

शुक्रवार देर रात अमरनाथ यात्री जब बालटाल से निकले थे तो 65 बसों पर पथराव कर तोड़-फोड़ की गई थी। इसमें अलीगढ़ की बस भी शामिल थी। बस सवार छह यात्री घायल हुए थे। दहशतजदा लोगों ने यात्रा जारी रखी। शनिवार रात 10 बजे ये यात्री जवाहर टनल पार कर चुके थे। रविवार की सुबह तक जम्मू और सोमवार शाम तक इनके अलीगढ़ लौट आने की उम्मीद है।

शनिवार को भी उत्पात

बालटाल में मौजूद श्री अमरनाथ शिव शक्ति सेवा मंडल के प्रमुख सेवादार अजय जलेसरिया ने बताया कि बालटाल में शनिवार को भी उत्पात हुआ। श्राइन बोर्ड की बसों पर पथराव हुआ। सेना ने स्थिति संभाली। ताजा उत्पात से उत्तेजना है, दहशत है। आक्रोशित लोग इसे पुलिस की विफलता मान रहे हैं। सेवादारों का मानना है कि घटना की शुरुआत में ही उत्पातियों को लठिया दिया जाता तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती। घटना के बाद श्री अमरनाथ लंगर आर्गनाइजेशन से जुड़े सभी 169 शिविरों पर पर्दे डाल दिए गए हैं। सेना ने सुरक्षा कमान संभाल ली है। यात्री भी सेना की सुरक्षा में ही आगे बढ़ रहे हैं।

लंगर के दौर

अजय जलेसरिया के मुताबिक बालटाल में लगे अलीगढ़ के लंगर में शनिवार को भी सेवा जारी रही। रात नौ बजे अहमदाबाद से जयंती लाल शाह की अगुवाई में आए दर्जनों लोगों व बरेली-आंवला के 38 लोगों ने भोजन किया। शिविर में गिलहराज मंदिर, अलीगढ़ से जुड़े राज कुमार गुप्ता, देवराज राना, मेघश्याम शर्मा, गोपाल सिंह, बेगमबाग के मनोज शर्मा टिंचू, निरंजनपुरी के गौरव, नितिन, ललित आदि तमाम लोग अमरनाथ यात्रियों की सेवादारी में लगे हुए हैं।

परिजन चिंतित

बालटाल में बवाल की जानकारी के बाद अमरनाथ यात्रियों व सेवादारों के परिजन चिंतित हैं। वे उनके सकुशल लौटने की दुआ कर रहे हैं। नाते-रिश्तेदार उनकी कुशलक्षेम ले रहे हैं। सेवादार अजय जलेसरिया के अशोक नगर स्थित आवास पर भी कुशलक्षेम पूछने वाले पहुंच रहे हैं। उनकी पत्नी सीमा वाष्र्णेय, बेटे तुषार व शुभम और बेटी जूही का एक-एक दिन चिंता में बीत रहा है।

बैठक में आक्रोश

शनिवार शाम वाष्र्णेय मंदिर में श्री अमरनाथ शिव शक्ति सेवा मंडल की बैठक में बालटाल की घटना पर आक्रोश जताया गया। भाजपा नेता संजीव राजा ने कहा, वहां की घटना बताती है कि जम्मू-कश्मीर में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं।' मानिक चौक के पारस गुप्ता ने अलगाववादी नीतियों को कोसा। ब्रजेश कंटक ने यात्रा बंद होने से स्थानीय लोगों की परेशानी गिनाई। सेवा मंडल ने अग्रसेन सेवा सदन में भाजपा सांसद राजवीर सिंह व सतीश गौतम को प्रधानमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा। इसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कश्मीरी हिंदुओं व अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा का जिम्मा सेना को देने की मांग की गई है। दोनों सांसदों ने भी घटना पर आक्रोश जताते हुए कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।

.......

यात्रियों का सम्मान कल

श्री अमरनाथ शिव शक्ति मंडल की ओर से सोमवार शाम सात बजे वाष्र्णेय मंदिर परिसर में अमरनाथ से लौटे यात्रियों का सम्मान किया जाएगा। इस मौके पर शिव विवाह भी होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.