यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पशु व्यापारी की हत्या, बवाल-लाठीचार्ज
जागरण संवाददाता, आगरा: भैंस चोरी के शक में युवक की हत्या के बाद सोमवार शाम फीरोजाबाद हाईवे पर जमकर ब

जागरण संवाददाता, आगरा: भैंस चोरी के शक में युवक की हत्या के बाद सोमवार शाम फीरोजाबाद हाईवे पर जमकर बवाल हुआ। मुकदमा दर्ज न करने से गुस्साए लोगों ने शव उठाने आई पुलिस पर पथराव कर दिया। लाठीचार्ज के बावजूद भीड़ एक घंटे तक पथराव करती रही। इसमें सीओ और इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।
एत्माद्दौला के राकेश नगर निवासी 24 वर्षीय राहुल यादव पुत्र रमेश पशुओं का व्यापार करता था। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात आठ बजे श्रीनगर कॉलोनी निवासी विजय ने फोन कर उसे बुलाया। राहुल पर भैंस चोरी का आरोप लगा उसे टॉर्चर किया और फिर पंचायत कर 50 हजार रुपये जुर्माने का फरमान सुनाया। इसके बाद उसे एत्मादपुर में ले जाकर हत्या कर दी। आत्महत्या दर्शाने के लिए उसका शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। सोमवार सुबह सात बजे राहुल का शव एत्मादपुर में नगला रामबख्स स्थित इंजीनिय¨रग कॉलेज के पीछे रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव के पास पड़े मोबाइल से उसकी शिनाख्त की। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शाम साढ़े पांच बजे शव को मंडी समिति के पास रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
उनका आरोप था कि राहुल की हत्या में विजय समेत तीन युवकों पर शक है, लेकिन न तो एत्मादपुर और न ही एत्माद्दौला पुलिस हत्या का मुकदमा दर्ज कर रही है। एक घंटे बाद पुलिस ने जबरन शव उठाने की कोशिश की, तो महिलाएं भिड़ गई। इधर, पुलिस ने जबरन शव को जीप में डाल लिया। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें सीओ छत्ता बीएस त्यागी, उनके हमराह रवि, इंस्पेक्टर न्यू आगरा नरेंद्र कुमार सिंह, इंस्पेक्टर एत्माद्दौला के हमराह चेतन चोटिल हो गए।
पुलिस ने भीड़ को गलियों में खदेड़ दिया। इसके बाद भी भीड़ काफी देर तक बीच-बीच में पथराव करती रही। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर उनको कॉलोनी के अंदर तक खदेड़ दिया। देर शाम पुलिस ने दबिश देकर कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
तब तक शहर भर के पुलिस फोर्स के साथ एसपी सिटी कुंवर अनुपम सिंह मौके पर पहुंचे और शव को एसएन इमरजेंसी भिजवाया। देर रात तक डर के चलते शव को लेने कोई नहीं पहुंचा था।
संबंधित खबर पृष्ठ...पर
-----
