Move to Jagran APP

धर्मस्थल निर्माण पर टकराव, हंगामा और जाम

जागरण संवाददाता, आगरा: धर्मस्थल के नए सिरे से निर्माण को लेकर दो संप्रदायों में छह माह से चल रहे विव

By Edited By: Published: Mon, 17 Oct 2016 09:33 PM (IST)Updated: Mon, 17 Oct 2016 09:33 PM (IST)

जागरण संवाददाता, आगरा: धर्मस्थल के नए सिरे से निर्माण को लेकर दो संप्रदायों में छह माह से चल रहे विवाद ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। निर्माणाधीन धर्मस्थल का जंगला तोड़ने का आरोप लगाते हुए अल्पसंख्यक संप्रदाय के लोगों ने खेरिया मोड़ पुल पर जाम लगा हंगामा शुरू कर दिया। सांप्रदायिक तनाव पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में करने को लाठियां भांजी, तब जाम खुल सका। टकराव की आशंका के चलते बस्ती में फोर्स तैनात किया है।

loksabha election banner

शाहगंज नगला बासी में धर्मस्थल के नए सिरे से निर्माण को लेकर बस्ती वालों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों में विवाद चल रहा है। ईदगाह की पीएनटी कॉलोनी निवासी उसमानी खिदमतगार कमेटी के अध्यक्ष हाजी अनवार ने बताया कि इबादतगाह के बराबर स्थित खाली प्लॉट को विस्तार के लिए छह माह पूर्व खरीदा था। धर्मस्थल का नए सिरे से निर्माण कराने पर उन्होंने खाली प्लॉट की ओर उसका दरवाजा निकाला तो बस्ती के लोगों ने विरोध कर दिया। इसके चलते चार माह तक काम बंद रहा। दो माह पूर्व उन्होंने तथा समाज के लोगों ने विवाद को खत्म करने के लिए गेट नहीं बनाने का फैसला किया। उन्होंने खिड़की निकाली तो इसका भी विरोध होने पर मामला थाने पहुंच गया। इसके बाद खिड़की भी बंद करा दी। रविवार को धर्मस्थल के की पुरानी जगह पर खिड़की बनवाई, तो बस्ती वाले विरोध करने लगे। मजदूरों को भगा दिया। इसको लेकर दोनों संप्रदाय के लोग रविवार सराय ख्वाजा चौकी पहुंचे।

बस्ती में रहने वाले दूसरे संप्रदाय के लोगों का पुलिस से कहना था कि पुरानी इबादतगाह के गेट के पास दो हजार लीटर की पानी की टंकी है। इससे बस्ती की महिलाएं पानी भरती हैं। जंगला बनाने से महिलाओं और किशोरियों को दिक्कत होगी। इसके साथ ही धर्मस्थल के मुख्य गेट पर जलभराव और गंदगी आए दिन का कारण बनेगी। इस पर पुलिस ने खिड़की ऊंचाई बढ़ाने की कहा तो हाजी अनवार पक्ष राजी हो गया। सोमवार को उसे ऊंचा कराने का आश्वासन दिया।

हाजी अनवार पक्ष का आरोप है कि रविवार मध्य रात्रि अराजक तत्वों ने खिड़की को उखाड़ दिया। इसकी जानकारी होने पर अल्पसंख्यक संप्रदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। दर्जनों लोगों ने खेरिया मोड़ पुल स्थित पेट्रोल पंप के सामने जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ धर्मस्थल पर तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रही थी, जबकि दूसरे पक्ष के लोग धर्मस्थल में तोड़फोड़ से इन्कार कर रहे थे। इससे दोनों संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

कई थानों के फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारियों ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, मगर कोई मानने को तैयार नहीं था। इसके बाद पुलिस ने जाम लगाते लोगों को लाठियां फटकार करके भगाया। एसपी सिटी सुशील घुले ने बताया सतर्कता के चलते बस्ती में फोर्स तैनात कर दी है।

तोड़फोड़ की आशंका में बाजार बंद

खेरिया मोड़ पेट्रोल पंप के सामने जाम लगाती भीड़ द्वारा नारेबाजी करने से बाजार में दहशत फैल गई। तोड़फोड़ की आशंका पर व्यापारियों ने कुछ देर के लिए दुकानों के शटर गिरा दिए। करीब आधा घंटे तक अफरातफरी की स्थिति रही।

पहली बार सड़क पर आई महिलाएं

धर्मस्थल पर तोड़फोड़ की जानकारी होने पर पहली बार अल्पसंख्यक संप्रदाय की दर्जनों महिलाएं और युवतियां सड़क पर आई। इसके चलते पुलिस को भीड़ को वहां से हटाने में मशक्कत करनी पड़ी। उसने महिलाओं को समझाकर सड़क से हटने को राजी कर लिया। इसके बाद जाम लगाते लोगों को लाठियों से खदेड़ा।

मकान मालिक पर भड़काने का आरोप

अल्पसंख्यक संप्रदाय के लोगों का कहना था कि लोगों को बस्ती का ही एक शख्स भड़का रहा है। वह नहीं चाहता कि इबादतगाह का विस्तार होकर वह दोमंजिला बने। वहीं उक्त व्यक्ति का कहना था कि उसके मकान के सामने का पूरा हिस्सा दब जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.