गूगल मैप में आया नया 'वॉइस कंट्रोल' फीचर
यदि आप यात्रा करते समय गूगल मैप का अक्सर इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। हाल ही में गूगल ने अपने गूगल मैप एप्लीकेशन को अपडेट कर उसमें 'वॉइस कंट्रोल' की सुविधा डाली है जिसकी मदद से आप ऑडियो निर्देशन को सुनते हुए रास्ता खोज सकते हैं।
नई दिल्ली। यदि आप यात्रा करते समय गूगल मैप का अक्सर इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। हाल ही में गूगल ने अपने गूगल मैप एप्लीकेशन को अपडेट कर उसमें 'वॉइस कंट्रोल' की सुविधा डाली है जिसकी मदद से आप ऑडियो निर्देशन को सुनते हुए रास्ता खोज सकते हैं।
गूगल द्वारा किए गए इस अपडेट से यात्रियों को खासा फायदा होगा। सूचना के अनुसार वॉइस कंट्रोल के अलावा एप में एक 'एलीवेशन' यानि कि ऊंचाई बताने वाले फीचर को भी जोड़ा गया है जो कि साइकिल चलाने वाले यात्रियों के लिए फायदेमंद है। यह अपडेट एंड्रायड वर्जन 8.2 के लिए किया गया है।
वॉइस कंट्रोल फीचर को इस्तेमाल करना काफी आसान है। एप्लीकेशन के सर्च बार के नेवीगेशन इंटरफेस में एक माइक्त्रोफोन बटन लगाया गया है। इस बटन को क्लिक करने पर 'नेवीगेशन टू' व 'शो ट्रैफिक' के ऑप्शन दिखाए देंगे जिनकी मदद से आप रास्ता व आगे कितना ट्रैफिक है दोनों ऑडियो कमांड से जान सकते हैं। समय-समय पर आपको इस माइक्रोफोन बटन को दबाते रहना होगा।
सूचना के अनुसार यह बताया गया है कि यदि कंपनी द्वारा इस एप्लीकेशन में 'हॉटवर्ड डिटेक्शन' फीचर शुरू कर दिया जाए तो बार-बार माइक्रोफोन बटन को क्लिक करने के झंझट से बचा जा सकता है।
अपडेट में दिए गए एलीवेशन फीचर की बात करें तो यह साइकिल चलाने वालों को आगे आने वाली चढ़ाई व ढलान की सीमा बताएगा। यह सभी जानकारी यूजर को 'लाइन ग्राफ' के जरिए दी जाएगी।
आप को बता दें कि फिलहाल गूगल मैप्स का एंड्रायड 8.2 वर्जन विश्व स्तर पर उपलब्ध है लेकिन अभी तक भारत में नहीं आया है। यूजर इस अपडेट का इंतजार कर सकते हैं या फिर इसे 'फैनड्रायड' से डाउनलोड कर सकते हैं।
पिछले हफ्ते ही कंपनी द्वारा आईओएस 3.2.0 वर्जन के लिए भी इस एप्लीकेशन को अपडेट किया गया था जिसके फलस्वरूप इसमें यूजर्स को गूगल मैप एप के द्वारा ही अपने जी-मेल अकाउंट पर नियंत्रण करने की सुविधा दी गई थी।