108 एंबुलेंस सर्विस आर्थिक तंगी का शिकार, डीजल के भी नहीं पैसे
प्रदेश की आर्थिक हालात किसी से छिपी नहीं हैं। इसका सीधा असर अब तो 108 एंबुलेंस सर्विस भी दिखने लगा है।
जागरण संवाददाता, खन्ना: प्रदेश की आर्थिक हालात किसी से छिपी नहीं हैं। इसका सीधा असर अब तो 108 एंबुलेंस सर्विस भी दिखने लगा है। कंपनी के पास डीजल के भी पैसे नहीं हैं। पेट्रो कार्ड बंद होने के चलते गुस्साए 108 एंबुलेंस कर्मियों ने रविवार को सिविल अस्पताल खन्ना में जिला प्रधान गुरप्रीत ¨सह की अगुवाई में रोष प्रदर्शन किया।
गुरप्रीत ने बताया कि कंपनी ने उन्हें डीजल डलवाने के लिए पेट्रो कार्ड दे रखा हैं, जो वे पेट्रोल पंप पर स्वाइप कर तेल डलवाते हैं, लेकिन अब इन कार्डो में पैसे नहीं बचे हैं। कंपनी ने पैसे जमा कराने की बजाय डीजल की खपत कम करने की हिदायत देते हुए रेफर केसों को न ले जाने की हिदायत दी है। इसके अलावा कर्मचारियों को दो महीने से वेतन भी नहीं दिया गया है। अब वे कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर दो दिनों में पेट्रो कार्ड में पैसे जमा न कराए गए और वेतन न दिया गया तो लुधियाना जिले की सभी 32 एंबुलेंस गाड़ियां बंद कर दी जाएंगी। इसकी जिम्मेदार कंपनी होगी। उधर, कंपनी के आप्रेशन्स मैनेजर मनीष ने कहा कि वेतन केवल अक्टूबर माह का ही बाकी है, जो जल्द ही दे दिया जाएगा। पेट्रो कार्ड सही ढंग से काम कर रहे हैं। किसी को कोई केस न ले जाने के बारे में कोई हिदायत नहीं दी गई है।