विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लव जेहाद गंभीर खतरा :संघ

By Edited By:
Published: Thu, 11 Sep 2014 03:06 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 11 Sep 2014 01:00 AM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

डोगर वर्मा, खन्ना : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मानना है कि 'लव जेहाद' देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। वह इस पर नजर रखे हुए है।

संघ के प्रमुख मोहन भागवत की गैरहाजिरी में संगठन के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डा. मनमोहन वैद्य ने बुधवार को दोराहा में प्रेसवार्ता में कहा कि यह बेचैन करने वाला मुद्दा है। इस पर नजर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिंदू राष्ट्र संबंधी बयान पर मचा बवाल राजनीति से प्रेरित है। इस बात को कतई नकारा नहीं जा सकता कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है और हिंदुत्व ही इसकी सांस्कृतिक पहचान है। यह एक ऐतिहासिक तथ्य भी है। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के सवाल को वह टाल गए।

उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के बारे में एक सवाल पर कहा कि संघ चाहता है कि देश के प्रत्येक राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बने। इसके लिए संघ के कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नरेंद्र मोदी सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल के प्रदर्शन पर उनका कहना था कि सरकार के इतने थोड़े समय के कामकाज की समीक्षा संभव नहीं है। उसे कम से कम एक साल का समय तो चाहिए।

दोराहा के महावीर जैन मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों की छह दिवसीय बैठक चल रही है।

इसका आज चौथा दिन था। इस बैठक पर चर्चा करते हुए डॉ. वैद्य ने कहा कि इसमें शामिल संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य मुद्दा हिंदुत्व ही रहा है। राष्ट्रीय और सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई।

संघ के भर्ती अभियान के बारे में डॉ. मनमोहन वैद्य ने खुलासा किया कि आरएसएस सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े युवाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिनके लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसका नतीजा यह निकला कि इस वर्ष पहली जनवरी से 31 जुलाई तक 25 हजार युवाओं ने संघ की सदस्यता ग्रहण की। अगस्त में ही 13 हजार युवक जुड़े। वर्ष 2012 में यह आंकड़ा प्रतिमाह 1000 और 2013 में प्रतिमाह 2500 था।