वेतन वृद्धि कर केजरीवाल ने लूट को कानूनी रूप दिया : अमरिंदर
पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में विधायकों के वेतन में भारी वृद्धि के लिए अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया है। ऐसा कर केजरीवाल ने लूट को कानूनी रूप दिया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में विधायकों के वेतन में भारी वृद्धि के लिए अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष किया है। ऐसा कर केजरीवाल ने लूट को कानूनी रूप दिया है। पैसे के लालच के मामले में केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल में कोई अंतर नहीं है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपनी तथाकथित आम आदमी की सरकार को दौलतमंदों की सरकार बना दिया है। केजरीवाल व उनकी पार्टी की पैसे के लिए भूख का खुलासा विधायकों के वेतन में बेशर्मी से की गई बढ़ोतरी से होता है। यह वृद्धि पूरी तरह से गलत, अन्यायपूर्ण व सरकारी खजाने की लूट है।
उन्होंने कहा कि यदि आज कोई प्रकाश सिंह बादल की पैसे के लिए भूख को मुकाबला दे सकता है तो वह केजरीवाल ही नजर आते हैं। दोनों में फर्क सिर्फ इतना है कि केजरीवाल ने इसे कानूनी रूप देने की कोशिश की है। कैप्टन ने कहा कि विधायकों के वेतन में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी न सिर्फ देश, बल्कि दुनिया के इतिहास में शर्मनाक व नहीं समझने लायक है।
उन्होंने कहा कि वेतन में इतनी वृद्धि केजरीवाल की दौलतमंदी सोच का खुलासा करती है। इतनी बढ़ोतरी इतिहास में कभी नहीं सुनी गई, चाहे कोई कितना भी अमीर देश ही क्यों न हो। केजरीवाल लोगों में जाकर ईमानदारी का कितना भी ढिंढोरा पीटें, मगर असलियत में उन्होंने सरकारी खजाने को कानूनी तरीके से लूटा है।