शिवराज पाटिल ने इंटरसिटी एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : चंडीगढ़ से इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस चलाने से ट्राइ सिटी के यात्रियों के लिए अमृतसर जाना आसान हो गया। इस इलाके के श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थान अमृतसर का दर्शन कर वहां से लौटना काफी सरल हो गया है। शुक्रवार को पंजाब के गवर्नर व यूटी के प्रशासक शिवराज पाटिल ने चंडीगढ़ से इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर अमृतसर के लिए रवाना किया। इस अवसर पर शिवराज पाटिल ने कहा कि इस ट्रेन के चलने से केवल शहर ही नहीं बल्कि लोगों के दिल मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के चलने से यहां से श्रद्धालुओं के लिए स्वर्ण मंदिर व दुग्र्याना मंदिर दर्शन करना आसान हो जाएगा। पाटिल ने कहा कि भारत सरकार ने सभी दर्शनीय स्थान को ट्रेन से जोड़ने का लक्ष्य बनाया है।
मिले विवरण के अनुसार शुक्रवार को सुबह 7.50 बजे शिवराज पाटिल ने तैयार इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से अमृतसर के लिए रवाना किया। स्थानीय सांसद पवन बंसल भी इनके साथ थे। पहले दिन यह ट्रेन को 7.50 मिनट पर चलाई गई। हालांकि यह केवल पहले ही दिन के लिए है परंतु अन्य दिनों के लिए इसका समय 6.55 बजे ही रहेगा। चंडीगढ़ को चार महीने में छह नई ट्रेनें मिलीं हैं। रेल बजट में चंडीगढ़ से चलने वाली या यहा से गुजरने वाली सात नई ट्रेनों की घोषणा की थी। इनमें से चार शुरू हो चुकी हैं। इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12411) चंडीगढ़ से 6.55 बजे चलेगी और अमृतसर 11.25 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ से मोहाली, लुधियाना, जालंधर व व्यास होते हुए अमृतसर पहुंचेगी। फिर अमृतसर (12412) से यह ट्रेन 17.36 मिनट पर चलेगी और चंडीगढ़ 21.55 मिनट पर पहुंचेगी। इंटरसिटी ट्रेन में 11 कोच होंगे जिसमें एक एसी चेयरकार, आठ साधारण चेयरकार व दो गार्ड व एक जेनरेटर के चलेगी। इस ट्रेन में किराया सामान्य कोच में किराया 105 रुपये लगेंगे। वहीं, एसी चेयरकार में इसका किराया 385 रुपये लगेंगे।
इस संबंध में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के अधीक्षक प्रवीण कुमार का मानना है कि इसके चलने से ट्राई सिटी के आसपास के श्रद्धालुओं व यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। इस अवसर पर रवनीत सिंह, मेयर सुभाष चावला, पूर्व मंत्री जगमोहन कंग, व अंबाला मंडल के डीआरएम एके कठपाल उपस्थित थे।
यात्रियों ने जताई खुशी
शुक्रवार को यात्रा करने वाले यात्रियों में कुमार संदेश का मानना है कि इस ट्रेन के चलने से अमृतसर के स्वर्ण मंदिर, दुग्र्याना मंदिर व अन्य दर्शनीय स्थान देखकर वापस चंडीगढ़ वापस लौटा जा सकता है। वहीं, पूर्वाचल एसोसिएशन के सचिव पीएन शाही का मानना है कि रेल प्रशासन इस ट्रेन को चलाकर श्रद्धालुओं को विशेष लाभ दिया है। अमृतसर जाने वालों व वहां से चंडीगढ़ वापस आने की सुविधा मिलेगी।
पहले ही दिन 80 फीसद सीटें भरीं
चंडीगढ़ स्टेशन अधीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि पहले ही दिन इस ट्रेन में 80 प्रतिशत सीटें भर हुई थी। आने वाले दिनों में इस ट्रेन की जानकारी यात्रियों को जैसे जैसे मिलेगी वैसे वैसे इस ट्रेन में भीड़ बढ़ेगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर