Move to Jagran APP

पंजाब की शांति भंग करने का हो रहा प्रयास : बादल

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अलगाववादी व उग्रवादी संगठनों का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ शक्तियां पंजाब में अमन व शांति को भंग करने का प्रयास कर रही हैं। इन शक्तियों ने पंजाब का नुकसान किया है। 15 वर्ष तक यहां पवित्र धरती लहू से भीगी रही है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Sat, 29 Aug 2015 09:46 PM (IST)Updated: Sun, 30 Aug 2015 12:13 PM (IST)

जागरण संवाददाता, बाबा बकाला (अमृतसर)। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अलगाववादी व उग्रवादी संगठनों का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ शक्तियां पंजाब में अमन व शांति को भंग करने का प्रयास कर रही हैं। इन शक्तियों ने पंजाब का नुकसान किया है। 15 वर्ष तक यहां पवित्र धरती लहू से भीगी रही है। ये शक्तियां एक बार फिर इकट्ठी होकर पंजाब के सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक ताने बाने को खराब करने का प्रयास कर रही हैं।

loksabha election banner

यह भी पढ़ें : पंजाबी त्रस्त, बादल परिवार मस्त : शकील अहमद

मुख्यमंत्री बाबा बकाला की पावन धरती पर रक्खड़ पुनिया के अवसर पर आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रेह थे। उन्होंने लोेगों से कहा, 'हाथ जोड़ कर विनती है कि वह इन शक्तियों की भड़काऊ बातों पर ध्यान न दें।' कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों पार्टियां लोगों को गुमराह कर रही हैं। कांग्रेस पंजाब में सत्ता का सुख भोगने के लिए एक गुप्त एजेंडा लागू करना चाहती है।

यह भी पढ़ें : पंजाब में आम आदमी पार्टी हुई दोफाड़

बादल ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली में अब तक क्या किया है? केजरीवाल का पंजाब में कोई जनाधार नहीं है। आम आदमी पार्टी में वे लोग हैं जो पंजाब की जनता द्वारा कई बार नकार दिए गए हैं।
बादल ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा है कि आजादी के बाद देश में कांग्रेस की सरकारें रहीं। पंजाब के भारी योगदान के बावजूद पंजाब के अधिकारों को छीन लिया गया। पंजाब के पानी, राजधानी, खेतीबाड़ी व उद्योग उजाड़ दिए गए।

उन्होंने कहा कि आपरेशन ब्लू स्टार व 1984 में दिल्ली दंगों में हजारों निर्दोषों की हत्या करने वाली कांग्रेस एक बार फिर अपने गुप्त एजेंडे के माध्यम से पंजाब की तरक्की पर कुठाराघात करने का षड्यंत्र रच रही है। बादल ने शिरोमणि अकाली दल के इतिहास के पन्नों को खोलते हुए कहा कि पंजाबियों के अधिकारों की लड़ाई शिअद ने लड़ी है।

अवसाद से घिरे हैं कैप्टन : मजीठिया

प्रदेश के मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने प्रताप सिंह बाजवा द्वारा गन्ना किसानों के पक्ष में लगाए गए धरने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह केवल किसानों को इमोशनल ब्लैकमेल करने के लिए था। कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला करते हुए मजीठिया ने कहा कि पंजाब की वर्तमान कांग्रेस की लीडरशिप के साथ टकराव पैदा करने वाले इस नेता पर पार्टी हाईकमान भी कोई निर्णय नहीं ले पा रही है। यही कारण है कि अवसाद से घिरे कैप्टन अमरिंदर सिंह कभी बाजवा पर तो कभी भट्ठल पर आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब के चीफ मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस के साथ हाथ मिला कर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की पावन धरती का अपमान किया है। इस दौैरान विधायक मंजीत सिंह मन्ना ने बादल को सिरोपा व दोशाला भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा, बीबी जागीर कौर, विरसा सिंह वल्टोहा, अमरपाल सिंह बोनी, राज मोहिंदर सिंह मजीठिया, उपकार सिंह संधू आदि मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.