पंजाबी त्रस्त, बादल परिवार मस्त : शकील अहमद
कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद ने कहा कि पंजाब में आम जनता सस्त हे और मुख्यमंत्री बादल का परिवार मस्त है। बादल परिवार की आय में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है जबकि पंजाब के आम लोग आर्थिक तंगी का शिकार हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है।
जागरण संवाददाता, बाबा बकाला (अमृतसर)। कांग्रेस के महासचिव शकील अहमद ने कहा कि पंजाब में आम जनता सस्त हे और मुख्यमंत्री बादल का परिवार मस्त है। बादल परिवार की आय में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है जबकि पंजाब के आम लोग आर्थिक तंगी का शिकार हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है और 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
यह भी पढें : पंजाब में शांति भंग करने का हो रहा प्रयास : बादल
उन्होंने कहा कि बादल परिवार ने प्रदेश के सभी केबल, ट्रांसपोर्ट व अन्य कई उद्योगों व व्यापार पर अपना कब्जा जमा लिया है। वह शनिवार सुबह बाबा बकाला में आयोजित रक्खड़ पुनिया के अवसर पर पार्टी के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। शकील अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां जनविरोधी व किसान विरोधी हैं। वह कुछ लोगों के हितों की रक्षा कर रहे हैं। गुजरात में जो अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है उसके लिए भी मोदी सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।
यह भी पढ़ें : पंजाब में अाम आदमी पार्टी दोफाड़
पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि मौजूदा व्यवस्था से जवान व किसान परेशान हैं। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआइ से जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने बादल सरकार पर पंजाब को लूटने के आरोप लगाए। वडि़ंग ने कहा कि बादल परिवार आम आदमी पार्टी को फंड उपलब्ध करवा रहा है। जगमीत सिंह बराड़ ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की अपील की। इस अवसर पर सरदूल सिंह, अजीत सिंह मोफर, बिक्रमजीत सिंह बाजवा, गुरचेत सिंह भुल्लर, केके शर्मा, सविंदर सिंह, जसवंत सिंह, विजय कुमार साथी, दीप इंद्र सिंह रंधावा आदि मौजूद थे।
मजीठिया नशा तस्करी में शामिल, सीबीआइ जांच हो : बाजवा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी कांफ्रेंस में एक बार फिर मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया पर जमकर तंज कसा। बाजवा ने कहा कि एनकी तीन मागें हैं। पहला मजीठिया नशे की तस्करी में शामिल रहे हैं इसलिए नशा तस्करी के मामले की जांच सीबीआइ से करवाई जाए। दूसरा किसानों का कर्ज माफ किया जाएं व वन रैंक वन पेंशन जारी की जाए।
बाजवा ने बादल व मोदी सरकार से किसानों के लिए 51 हजार करोड़ रुपये के कर्ज माफ करवाने का आग्रह करते हुए कहा कि वन रैंक वन पेंशन लागू करने का फैसला यूपीए सरकार का था। मोदी सरकार अब इसको लागू करने में आनाकानी कर रही है। बाजवा ने कहा कि ईडी के जांच अधिकारी निरंजन सिंह के बयान से पता चलता है कि मजीठिया को बचाने के लिए कोशिशें की गई हैं।