आज होगा रियो ओलंपिक का आगाज, जानिए सभी जरूरी और दिलचस्प बातें
आज विश्व में सबसे बड़े खेल आयोजन के 31वें संस्करण का आगाज होगा। माराकाना स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम के साथ इसकी शुरुआत होगी।
रियो डी जेनेरियो। आज विश्व में सबसे बड़े खेल आयोजन के 31वें संस्करण का आगाज होगा। माराकाना स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम के साथ इसकी शुरुआत होगी। दक्षिण अमेरिका में पहली बार ओलंपिक का आयोजन हो रहा है। महान फुटबॉलर पेले उद्घाटन समारोह में माराकाना स्टेडियम में ओलंपिक ज्योति प्रज्जवलित करेंगे। यहां जानिए सभी खास बातें और जानकारियां।
- भारत के हिसाब से समय
रियो डि जेनेरियो और नई दिल्ली के समय में 8.30 घंटे का अंतर है। इसका मतलब यह हुआ जब रियो में सुबह के 10 बजे होंगे नई दिल्ली में उस समय शाम के 6.30 बजे होंगे।
उद्घाटन समारोह (5 अगस्त): भारतीय समयानुसार छह अगस्त को सुबह 4.30 बजे होगा।
समापन समारोह (21 अगस्त): भारतीय समयानुसार 22 अगस्त को सुबह 4.30 बजे होगा।
- खास-खास:
78,000 की दर्शक क्षमता है माराकाना स्टेडियम की जहां पर ओलंपिक का उद्घाटन व समापन समारोह होगा
28 खेलों की कुल 306 स्पर्धाओं में भाग लेंगे खिलाड़ी
206 देशों के 11000 से अधिक खिलाड़ी कर रहे हैं शिरकत
33 आयोजन स्थलों पर होंगे मुकाबले
01 बार रग्बी सेवन को इन खेलों में किया गया शामिल
112 वर्ष बाद गोल्फ की ओलंपिक में हो रही है वापसी
02 नए देशों दक्षिण सूडान और कोसोवो को पहली बार दिया गया प्रवेश
21 देशों ने भेजा है सौ से अधिक खिलाडि़यों का दल। इसमें अमेरिका के सबसे से ज्यादा 550, मेजबान ब्राजील के 465, जर्मनी के 420, ऑस्ट्रेलिया के 419 और चीन के 401 हैं।
- 'अपने जुनून को जियो'
इन खेलों का मोटो, 'लिव योर पैशन' यानी 'अपने जुनून को जियो' रखा गया है। 2009 में डेनमार्क के कोपेनहेगन शहर में हुई बोली प्रक्रिया में रियो ने टोक्यो, मैड्रिड और शिकागो जैसे शहरों को पछाड़कर इसकी मेजबानी हासिल की थी।
- बोल्ट होंगे आकर्षण
जमैका के 'स्प्रिंट किंग' उसेन बोल्ट सभी के आकर्षण का केंद्र होंगे। बोल्ट के अलावा सभी की निगाहें तरणताल पर लगी होंगी, जिसमें अमेरिकी स्टार माइकल फेल्प्स पर सबकी नजर होगी। ओलंपिक इतिहास के सबसे ज्यादा चमकदार खिलाड़ी फेल्प्स ने 31 साल की उम्र में संन्यास से वापसी की है। उनके नाम 18 स्वर्ण सहित 22 पदक हैं।