यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका ने उत्तर कोरिया में तनाव घटाने का चीनी प्रस्ताव ठुकराया
अमेरिका ने उत्तर कोरिया में तनाव करने के लिए चीन द्वारा दिए गए प्रस्ताव को नकार दिया है।

वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिका ने कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव कम करने संबंधी चीन का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। अमेरिका ने कहा है कि उत्तर कोरिया को परमाणु कार्यक्रम रोकने पर राजी करने के अब तक के सभी प्रयास बेनतीजा रहे। इसलिए अब नए उपाय आजमाने की दरकार है।
विदेश विभाग के कार्यकारी प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच रक्षा सहयोग की तुलना उत्तर कोरिया से नहीं की जा सकती। प्योंगयांग ने अंतरराष्ट्रीय कानून की घोर अवमानना की है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। दुनिया के लिए प्योंगयांग के परमाणु कार्यक्रम पर चिंता को समझना जरूरी है। यह चिंता अमेरिका और उत्तर कोरिया तक सीमित नहीं है। टोनर ने कहा, 'हर देश को इस पर पर विचार करना चाहिए कि बेहतर तरीके से हम कैसे जवाब दे सकते हैं।'
कार्यकारी प्रवक्ता ने कहा, 'उत्तर कोरिया को सार्थक समझौते में शामिल करने के लिए छह पक्षीय वार्ता हो या प्रतिबंध अभी तक सभी प्रयास बेनतीजा रहे। ऐसा करना उसके हित में रहेगा यह समझाने के लिए कि हमें कोई नया रास्ता तलाशने की जरूरत है।' चीन ने बुधवार को अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच सीधा टकराव को दरकिनार करने का प्रस्ताव रखा था। चीन ने सुझाव दिया था कि उसका करीबी अपना परमाणु कार्यक्रम निलंबित करेगा और अमेरिका व दक्षिण कोरिया अपना सैन्य अभ्यास रोक देंगे।
