अब परमाणु परीक्षण किया तो उत्तर कोरिया को कड़ा जवाब देगा अमेरिका
एक और परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहे उत्तर कोरिया को अमेरिका ने कड़ी चेतावनी दी है। अमेरिकी उप विदेश मंत्री ब्लिंकेन ने कहा कि उत्तर कोरिया फिर उकसावे वाला कदम उठाता है तो वह अपने लिए मुश्किलें खड़ी करेगा। ब्लिंकेन ने कहा कि करारा जवाब दिया जाएगा।
टोक्यो, (रायटर)। एक और परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहे उत्तर कोरिया को अमेरिका ने कड़ी चेतावनी दी है। अमेरिकी उप विदेश मंत्री ब्लिंकेन ने कहा कि उत्तर कोरिया फिर उकसावे वाला कदम उठाता है तो वह अपने लिए मुश्किलें खड़ी करेगा। ब्लिंकेन ने कहा कि करारा जवाब दिया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया पांचवें परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा है। उसने जनवरी में चौथा परीक्षण किया था। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने प्रतिबंध और सख्त कर दिए थे।
इस बीच, यह मामला दक्षिण कोरिया में कैबिनेट की बैठक में भी उठा। राष्ट्रपति पार्क ग्यून हेई ने सोमवार को कहा कि उत्तर कोरिया परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा है। दक्षिण कोरिया मीडिया ने सरकार और खुफिया विभाग के कई अधिकारियों के हवाले से बताया कि उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण स्थल पुंग्गये-री में गतिविधियां बढ़ गई हैं।
नोबेल विजेता करेंगे दौरा :
पांचवें परमाणु परीक्षण की खबर के बीच तीन नोबेल विजेता इस महीने उत्तर कोरिया के दौरे पर जाऐंगे। इस दौरे की तैयारी वियना के इंटरनेशनल पीस फाउंडेशन कर रहा है। उसने बताया कि वह कूटनीति के लिए यह प्रयास कर रहा है। यह दौरा आर्थिक नीतियों और चिकित्सा विकास पर केंद्रित होगा। इस दौरे में नार्वे, ब्रिटेन और इजरायल के नोबेल विजेता हिस्सा लेंगे।
पढ़ें- मई तक उत्तर कोरिया कर सकता है पांचवां परमाणु परीक्षण, अंतिम चरण में तैयारी