Move to Jagran APP

संयुक्त राष्ट्र ने अलेप्पो में हवाई हमलों को बताया युद्ध अपराध

सीरिया के अलेप्पो में हवाई हमलों को युद्ध अपराध करार देते हुए संयुक्त राष्ट्र ने इसकी जांच कराने की घोषणा की है। विद्रोहियों के प्रभाव वाले पूर्वी अलेप्पो में सीरिया और रूस के हवाई

By Abhishek Pratap SinghEdited By: Published: Fri, 21 Oct 2016 11:56 PM (IST)Updated: Sat, 22 Oct 2016 07:45 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र ने अलेप्पो में हवाई हमलों को बताया युद्ध अपराध

मॉस्को, रायटर : सीरिया के अलेप्पो में हवाई हमलों को युद्ध अपराध करार देते हुए संयुक्त राष्ट्र ने इसकी जांच कराने की घोषणा की है। विद्रोहियों के प्रभाव वाले पूर्वी अलेप्पो में सीरिया और रूस के हवाई हमलों में हाल में सौ बच्चों सहित करीब पांच सौ लोग मारे गए हैं। लाखों लोगों को तत्काल मदद की जरूरत है।

loksabha election banner

फंसे हुए लोगों और विद्रोहियों को सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता देने के लिए रूस ने गुरुवार को अल्पकालिक संघर्षविराम की घोषणा की थी। इसके बावजूद हिंसा का दौर थमा नहीं है। अल-कायदा से जुड़े अल-नुसरा ने अपने प्रभाव वाला इलाका छोड़ने से इन्कार कर दिया है।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पश्चिमी देशों पर इस आतंकी संगठन को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम अल-नुसरा की मदद से सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश कर सकता है।

दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयुक्त जैद राद अल हुसैन ने रूस का नाम लिए बिना शुक्रवार को कहा कि पूर्वी अलेप्पो के इलाकों में रह रहे लोगों को बंधक बनाना और उन पर हमले करना युद्ध अपराध है। आम लोगों पर हमलों की जवाबदेही तय करने के लिए आयोग स्वतंत्र जांच कराएगा।

संयुक्त राष्ट्र की पहल पर ब्रिटेन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित 20 देशों ने संयुक्त पहल शुरू की है। इसके तहत पांच सौ से ज्यादा चर्चो में 24 अक्टूबर तक एक साथ घंटा बजाया जाएगा। इसका मकसद अलेप्पो में हमले रोकने के लिए रूस पर दबाव बढ़ाना है। रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को लेकर यूरोपीय संघ ने भी एकजुटता दिखाई है।

पढ़ें- लीबिया में दो भारतीय समेत पांच विदेशी आइएस के चंगुल से मुक्त

पढ़ें- मोसुल में घिरते जा रहे ISIS ने किरकुक शहर पर किया हमला


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.