जानिए, संयुक्त राष्ट्र महासभा में सुषमा स्वराज के भाषण की 10 बड़ी बातें
सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए पाक के बारे में कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं वो पत्थर नही फेंका करते।
न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 71वें सत्र को संबोधित करते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने परोक्ष रूप से पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोलते हुए दुनिया के सामने यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर दिया कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और आगे भी रहेगा। इसलिए, इस बात में किसी को कोई शक नहीं रहना चाहिए। ये है सुषमा स्वराज के भाषण की दस मुख्य बातें-
1. विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने वैश्विक बिरादरी के सामने आतंकवाद का मुद्दा उठाते हुए इसे मानवाधिकार का उल्लंघन करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने यह सवाल किया कि आखिर वो कौन है जो इसे पनाह दे रहा है और इनको हथियार मुहैया करवा रहा है।
2. सुषमा ने पाकिस्तान का बिना नाम लिए कहा कि जो देश इन आतंकियों को हथियार मुहैया करवा रहा है उन्हें दुनिया के बिल्कुल अलग-थलग कर देना चाहिए क्योंकि उसे वैश्विक बिरदारी के साथ रहने को कोई अधिकार नहीं है।
3. सुषमा ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और आगे भी रहेगा। इसलिए, किसी और को कश्मीर के बारे में किसी भी तरह का कोई भी ख्वाब छोड़ देना चाहिए।
4. ब्लूचिस्तान का मुद्दा उठाते हुए सुषमा ने कहा कि वहां पर लगातार लोगों को अत्याचार किए जा रहे हैं। सुषमा ने कहा कि अपने घर शीशे के हों वो दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते। खुद के गिरेबान में झांके और देखें कि बलूचिस्तान में क्या हो रहा है, वहां जो हो रहा है वह यातना की पराकाष्ठा है।
पढ़ें- UN में गरजीं सुषमा स्वराज, कहा कश्मीर का ख्वाब देखना छोड़े पाकिस्तान
5. उन्होंने कहा कि हमने पाकिस्तान के साथ दोस्ती की लेकिन हमें दोस्ती ने नाम पर उड़ी और पठानकोट मिला।
6. सुषमा ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री किन शर्तों की बात कर रहे हैं, हमने कब रखी शर्त। हम शर्तं लगा रहे हैं या आप? क्या पीएम मोदी कोई शर्त लेकर लाहौर गए थे ? हमने मित्रता का पैमाना खड़ा किया और हमें पठानकोट व उरी मिले।
7. विदेश मंत्री ने कहा कि हमारे पास बहादुर अली जिंदा सबूत है कि वो सीमा पार से आया है।
8. सुषमा स्वराज ने कहा, सुरक्षा परिषद की स्थायी और अस्थायी दोनों तरह के सदस्यों में बढ़ोतरी होनी चाहिए.
9. सरकार के कामकाज की उपलब्धियों को गिनाते हुए सुषमा स्वराज ने कहा कि हमने 'स्वच्छ भारत अभियान' छेड़ा और दो लाख विद्यालयों में 4 लाख शौचालय बनवाए गए। इसी तरह 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' में लाखों महिलाएं जुड़ी। 'मेक इन इंडिया' और 'डिजिटल इंडिया' में कई कार्यक्रम चल रहे हैं। भारत की विकास यात्रा में नए आयाम जुड़े हैं। भारत में टिकाऊ विकास होगा तभी पूरी दुनिया में होगा।
पढ़ें- चीन ने किया साफ, भारत-पाक की लड़ाई में नहीं उलझेगा
10. सुषमा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन भी हमारे सामने गंभीर चुनौती है। प्रकृति के पास इतनी संपत्ति है कि सबकी जरूरत पूरी हो सकती है। लेकिन प्रकृति किसी का लालच पूरा नहीं कर सकती। ये जरूरी है कि विकसित देश सबकी भलाई के लिए तकनीक और धन दें। गांधी जयंती पर देश पेरिस जलवायु समझौते पर मुहर लगाएगा