हॉकिंग ने कहा, ट्रंप के निर्णय से धरती हो सकती तबाह
ट्रंप ने पिछले महीने ही उस पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के पीछे हटने की घोषणा की थी जिसपर लगभग दो सौ देशों ने हस्ताक्षर किए थे।
लंदन, प्रेट्र। पेरिस जलवायु समझौते से बाहर आने पर अमेरिका की दुनिया भर में हो रही आलोचनाओं के बीच महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने भी डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा है। हॉकिंग ने चेतावनी दी है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के इस कदम से धरती तबाह के कगार पर पहुंच सकती है। धरती 250 सेल्सियस डिग्री तापमान के साथ शुक्र ग्रह की तरह हो जाएगी और एसिड की बारिश भी संभव है। ट्रंप ने पिछले महीने ही उस पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के पीछे हटने की घोषणा की थी जिसपर लगभग दो सौ देशों ने हस्ताक्षर किए थे।
हॉकिंग ने बीबीसी से बातचीत में कहा कि ट्रंप के इस फैसले से ग्लोबल वार्मिग उस स्तर पर पहुंच सकता है जहां से वापस आना संभव नहीं होगा। पर्यावरण को काफी नुकसान होगा व आने वाली पीढि़यों को इस फैसले का बड़ा खामियाजा भुगतना होगा।
हॉकिंग के अनुसार आज जलवायु परिवर्तन मानवता के लिए सबसे बड़ी चुनौती है लेकिन इस ओर तत्काल काम शुरू कर इसके खतरे से बचा जा सकता है। पेरिस समझौते से निकल डोनाल्ड ट्रंप ने हमारे खूबसूरत ग्रह का बड़ा नुकसान किया है। यह हम सभी के लिए घातक होगा। हॉकिंग ने धरती पर चल रही पर्यावरण की समस्या और अन्य विवादों को देखते हुए कहा कि पृथ्वी पर हमारे दिन बस गिनती के रह गए हैं।
यह भी पढ़ें: पाक में अब नहीं बचेंगे आतंकी कैंप, यूएस ने कहा - बनाएंगे निशाना