यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एफबीआइ के नए प्रमुख होंगे क्रिस्टोफर, सीनेट ने दी मंजूरी
सीनेट में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों ने भारी बहुमत के साथ क्रिस्टोफर के नाम को मंजूरी दी। उनके पक्ष में 92 जबकि विरोध में महज 5 वोट पड़े।

वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिकी संसद के उच्च सदन सीनेट ने संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआइ) के नए निदेशक के रूप में क्रिस्टोफर रे के नाम पर मुहर लगा दी है। वह जेम्स कोमी की जगह लेंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन महीने पहले एफबीआइ के निदेशक पद से कोमी को बर्खास्त कर दिया था।
सीनेट में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट सांसदों ने भारी बहुमत के साथ क्रिस्टोफर के नाम को मंजूरी दी। उनके पक्ष में 92 जबकि विरोध में महज पांच वोट पड़े। सीनेट की न्याय समिति की सदस्य डियान फेनस्टीन ने कहा, 'एफबीआइ हमारे देश की शीर्ष कानून प्रवर्तन एजेंसी है और इसे ऐसे योग्य नेतृत्व की जरूरत है जो कानून का शासन लागू करने के साथ इसकी स्वतंत्रता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हो। मुझे यकीन है कि क्रिस्टोफर इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे।'
गौरतलब है कि ट्रंप ने गत दस मई को अचानक एफबीआइ के निदेशक कोमी को बर्खास्त कर दिया था। वह राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की चुनाव प्रचार टीम और रूस के बीच संबंधों की जांच का नेतृत्व कर रहे थे। उनकी बर्खास्तगी का विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ ही कुछ रिपब्लिकन सांसदों ने भी विरोध किया था।
