यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका ने कूटनीतिक लड़ाई छेड़ी तो करारा जवाब : लावरोव
लावरोव ने संकेत दिया कि रूस मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास में कर्मियों की संख्या कम करने के निर्देश देने पर विचार कर रहा है।

मॉस्को, रायटर/एएफपी : रूस ने साफ कर दिया है कि अमेरिका ने अगर कूटनीतिक लड़ाई छेड़ी तो वह भी उसे करारा जवाब देगा। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का यह बयान ट्रंप प्रशासन के उस निर्णय के बाद आया है जिसके अनुसार सैन फ्रांसिस्को स्थित रूसी वाणिज्य दूतावास और वाशिंगटन व न्यूयॉर्क स्थित दो कार्यालयों को बंद किया जाना है। अमेरिका ने इस निर्णय को क्रियान्वित करने के लिए रूसी अधिकारियों को सिर्फ 48 घंटे का समय दिया है।
छात्रों को संबोधित करते हुए लावरोव ने संकेत दिया कि रूस मॉस्को स्थित अमेरिकी दूतावास में कर्मियों की संख्या कम करने के निर्देश देने पर विचार कर रहा है। इससे पहले अमेरिकी प्रतिबंधों के जवाब में रूसी सरकार ने अपने देश में मौजूद अमेरिकी राजनयिकों की संख्या कम की थी।
यह संख्या 755 तक सीमित करने के लिए कहा गया था। सबसे पहले अमेरिकी चुनाव में रूसी हस्तक्षेप के संकेत के बाद राष्ट्रपति के तौर पर बराक ओबामा ने कार्यकाल के आखिरी दिनों में कई रूसी राजनयिकों को देश से निष्कासित किया था। तभी से दोनों देशों में एक-दूसरे के राजनयिकों के खिलाफ कार्रवाई का दौर चल रहा है।
